नई दिल्ली: मुंबई में मंगलवार को घोषित हुई एशिया कप (Asia Cup 2025) के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम (Indian Cricket Team) के बाद क्रिकेट जगत में चर्चा का बड़ा विषय कप्तानी की दिशा रहा। चयन समिति ने शुभमन गिल (Shubman Gill) को टी-20 प्रारूप में उपकप्तान बनाकर यह संकेत दे दिया है कि भविष्य में उन्हें तीनों प्रारूपों में टीम इंडिया की कमान सौंपी जा सकती है। गिल पहले ही टेस्ट टीम के कप्तान हैं और वनडे में उपकप्तान की भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में यह फैसला बीसीसीआई की दीर्घकालिक रणनीति को दर्शाता है।
रोहित-विराट के संन्यास की अटकलें
फिलहाल वनडे टीम की कप्तानी रोहित शर्मा (Rohit Sharma) कर रहे हैं। लेकिन सूत्रों का कहना है कि अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली (Virat Kohli) वनडे क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो वनडे प्रारूप में शुभमन गिल (Shubman Gill) को पूरी तरह कप्तानी सौंपी जाएगी। माना जा रहा है कि 2027 विश्व कप में भारतीय टीम गिल की अगुवाई में उतरेगी।
सूर्यकुमार की जगह गिल की ओर इशारा
टी-20 प्रारूप में इस समय कप्तानी सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) के हाथों में है। हालांकि, उनकी उम्र 34 साल हो चुकी है और 2026 टी-20 विश्व कप (T20 World Cup 2026) से पहले बदलाव की संभावना जताई जा रही है। क्रिकेट विशेषज्ञ मानते हैं कि गिल को टी-20 टीम का कप्तान बनाए जाने की तैयारी चल रही है। इस पर मुख्य कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) और चयन समिति दोनों की सहमति है।
गिल का प्रदर्शन रहा दमदार
शुभमन गिल भले ही पिछले साल अमेरिका और वेस्टइंडीज में टी-20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा नहीं रहे हों, लेकिन उन्होंने अपनी प्रतिभा से सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। आईपीएल में उनका प्रदर्शन शानदार रहा और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी उन्होंने बतौर कप्तान और बल्लेबाज कमाल किया। उनकी कप्तानी में भारत ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज को 2-2 से बराबरी पर समाप्त किया। इस दौरान गिल ने 750 से ज्यादा रन बनाए, जो उनके नेतृत्व कौशल और बल्लेबाजी क्षमता का सबूत है।
चयन समिति की सोच स्पष्ट
गिल को उपकप्तान बनाए जाने पर मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पिछली बार जब गिल टी-20 खेले थे, तब भी वह उपकप्तान थे। इससे स्पष्ट होता है कि चयन समिति लंबे समय से गिल को भविष्य का कप्तान मानकर योजनाओं पर काम कर रही है।
सूर्यकुमार की फॉर्म चिंता का विषय
सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने भले ही आईपीएल में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया हो, लेकिन 2024 में उनका अंतरराष्ट्रीय टी-20 प्रदर्शन निराशाजनक रहा। इस साल उनका औसत 26.81 रहा, जो पिछले दो सत्रों में 40 से अधिक था। उनके हाल के पांच टी-20 स्कोर 0, 12, 14, 0 और 2 रहे। बतौर कप्तान उनकी रणनीति और नतीजे अच्छे रहे हैं, लेकिन बल्लेबाज के तौर पर उनका योगदान बेहद कमजोर रहा है। यही वजह है कि एशिया कप उनके लिए अहम साबित होने वाला है।
भविष्य की रणनीति का संकेत
चयनकर्ताओं और कोचिंग स्टाफ की सोच से यह साफ हो गया है कि भारतीय क्रिकेट टीम में कप्तानी को लेकर युवा नेतृत्व पर भरोसा किया जा रहा है। शुभमन गिल (Shubman Gill) को लगातार जिम्मेदारियों से नवाजा जाना इस बात का प्रमाण है। निकट भविष्य में वह सभी प्रारूपों में भारत की कप्तानी करते हुए नजर आ सकते हैं।



