नई दिल्ली: बीसीसीआई ने एशिया कप 2025 (Asia Cup 2025) के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम (Indian Cricket Team) की घोषणा कर दी है। टीम की कप्तानी इस बार सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) के हाथों में होगी, जबकि उपकप्तान की जिम्मेदारी शुभमन गिल (Shubman Gill) को दी गई है। यह टूर्नामेंट खास इसलिए भी होगा क्योंकि रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और विराट कोहली (Virat Kohli) के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भारत पहली बार इस बड़े मंच पर उतरेगा।
नए खिलाड़ियों को मिला मौका
इस बार टीम इंडिया (Team India Squad) में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है। चयनकर्ताओं ने युवाओं पर भरोसा जताते हुए ऐसे सात खिलाड़ियों को चुना है, जो पहली बार एशिया कप (Asia Cup 2025) में खेलते नजर आएंगे। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजरें टिकी रहेंगी क्योंकि यह उनके लिए बड़ा मंच साबित होने वाला है।
1. हर्षित राणा
23 वर्षीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा (Harshit Rana) पहली बार एशिया कप का हिस्सा बनेंगे। उन्होंने इसी साल जनवरी में इंग्लैंड के खिलाफ पुणे में टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था और अपने पहले ही मैच में 3 विकेट लेकर शानदार शुरुआत की थी।
2. अभिषेक शर्मा
युवा ओपनर अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) को भी टीम में शामिल किया गया है। फिलहाल वे आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज हैं। पावरप्ले में तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता विरोधी टीमों के लिए चुनौती साबित हो सकती है। साथ ही, वे पार्ट टाइम गेंदबाजी भी कर सकते हैं।
3. रिंकू सिंह
भारत के भरोसेमंद फिनिशर रिंकू सिंह (Rinku Singh) को भी स्क्वॉड में जगह मिली है। रिंकू ने अब तक 33 टी20 इंटरनेशनल में 546 रन बनाए हैं। उनकी सबसे बड़ी ताकत है आखिरी ओवरों में बड़े शॉट खेलने की क्षमता।
4. जितेश शर्मा
विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा (Jitesh Sharma) के लिए भी यह एशिया कप पहला अनुभव होगा। 2023 में नेपाल के खिलाफ डेब्यू करने वाले जितेश अब तक 9 टी20I खेल चुके हैं और टीम मैनेजमेंट उन्हें बतौर बैकअप विकेटकीपर विकल्प के तौर पर देख रहा है।
5. संजू सैमसन
अनुभवी बल्लेबाज संजू सैमसन (Sanju Samson) लंबे समय से भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं, लेकिन एशिया कप टी20 फॉर्मेट में वह पहली बार खेलते दिखेंगे। अब तक 42 मैचों में 861 रन बनाने वाले सैमसन से इस बार बड़ी उम्मीदें होंगी।
6. वरुण चक्रवर्ती
स्पिनर वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakaravarthy) को भी पहली बार एशिया कप खेलने का मौका मिला है। 2021 में श्रीलंका के खिलाफ डेब्यू करने वाले वरुण अब तक 18 मैचों में 33 विकेट झटक चुके हैं। उनकी रहस्यमयी गेंदबाजी भारत के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
7. शिवम दुबे
ऑलराउंडर शिवम दुबे (Shivam Dube) भी इस बार एशिया कप में पदार्पण करेंगे। 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने वाले दुबे 35 मैचों में 531 रन और 13 विकेट ले चुके हैं। उनकी बल्लेबाजी और मध्यम गति की गेंदबाजी टीम को संतुलन दे सकती है।
नई ऊर्जा के साथ मैदान पर उतरेगी टीम इंडिया
रोहित और विराट जैसे दिग्गजों के संन्यास के बाद यह एशिया कप भारतीय क्रिकेट के लिए एक नई शुरुआत की तरह है। युवाओं से सजी यह टीम जहां एक ओर अनुभवहीन है, वहीं दूसरी ओर ऊर्जा और नए जोश से भरपूर भी है। सभी की निगाहें इन सात डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों पर होंगी, जो एशिया कप 2025 में भारत की ताकत बढ़ा सकते हैं।



