पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 6 नवंबर को होने वाले मतदान से ठीक पहले नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को समाप्त हो गई है। लेकिन महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर उलझन बरकरार है। 114 सीटों पर एनडीए के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का दावा करने वाले इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने 9 सीटों पर अपने-अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं, जिससे ‘इंडिया vs इंडिया’ की स्थिति बन गई है।
गठबंधन की 6 पार्टियों में खींचतान जारी है
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि तेजस्वी यादव सीट बंटवारे पर जल्द फैसला लेंगे, लेकिन कई सीटों पर क्रॉस डिमांड के कारण गठबंधन की 6 पार्टियों में खींचतान जारी है। कांग्रेस ने कुल 48 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं, जबकि वाम दलों ने 18 सीटों पर अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।
आरजेडी-कांग्रेस में 5 सीटों पर टकराव
सूत्रों ने बताया कि राष्टीय जनता दल और कांग्रेस में सबसे ज्यादा टकराव 5 सीटों पर देखा गया, जहां दोनों ने अलग-अलग उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतार दिया है। इसके अलावा 3 सीटों पर वाम दलों और कांग्रेस के बीच तथा 1 सीट पर वीआईपी और आरजेडी के बीच मुकाबला होगा।
मुकेश सहनी ने चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है
महागठबंधन से नाराज चल रहे वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा, वह उपमुख्यमंत्री बनेंगे, राज्यसभा नहीं जाएंगे। राजेश राम ने कुटुंबा सीट पर आरजेडी के सुरेश पासवान के उम्मीदवारी की चर्चा पर कहा, चुनाव में फ्रेंडली फाइट नहीं होती, यहां सीधी लड़ाई है। फैसला तेजस्वी को लेना है। हम उनके अंतिम निर्णय का इंतजार कर रहे हैं।
एनडीए को फायदा मिल सकता है
नामांकन के बाद प्रचार का दौर शुरू हो चुका है। लेकिन गठबंधन की यह खींचतान विपक्ष की एकजुटता पर सवाल खड़े कर रही है। 7 सीटों पर इंडिया गठबंधन में आपसी टकराव से एनडीए को फायदा मिल सकता है!
इन सीटों पर आमने-सामने इंडिया गठबंधन
लालगंज: आरजेडी ने पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला को टिकट दिया, जबकि कांग्रेस से आदित्य कुमार राजा मैदान में हैं।
वैशाली: आरजेडी ने हाल ही में शामिल हुए अजय कुशवाहा को चुना, लेकिन कांग्रेस ने ई. संजीव सिंह को उतारा।
राजापाकर: कांग्रेस की प्रतिभा कुमारी बनाम सीपीआई(एमएल) के मोहित पासवान।
रोसड़ा: कांग्रेस के बंके रवि के खिलाफ सीपीआई(एमएल) के लक्ष्मण पासवान।
बिहार शरीफ: कांग्रेस के उमेर खान और सीपीआई के शिव प्रसाद यादव उर्फ सरदार जी आमने-सामने।
बछवाड़ा: कांग्रेस के प्रकाश दास बनाम सीपीआई के अवधेश कुमार राय।
तारापुर: आरजेडी के अरुण साह के मुकाबले बीएसपी के सुमलदेव बिंद।
कहलगांव: प्रवीण सिंह कुशवाहा कांग्रेस से और अनाम ताल ठोकेंगे।
कुटुंबा: कांग्रेस के राजेश राम के खिलाफ आरजेडी के सुरेश पासवान सामने हैं।
पशुपति पारस का अकेले चुनाव लड़ेंगे
राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने महागठबंधन से अलग होकर अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। लोजपा (रा) के संस्थापक पारस, जो चिराग पासवान के चाचा हैं, ने 25 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। इनमें 5 सीटों पर उन्होंने चिराग के प्रत्याशियों के सीधे अपने उम्मीदवार उतारे हैं। पारस ने कहा, हमने महागठबंधन के साथ गठबंधन की काफी कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। अब अकेले लड़ेंगे और पहले चरण में अच्छी सीटें जीतेंगे। उन्होंने अपनी एक सीट पर बेटे को भी टिकट दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पारस-चिराग भतीजे के इस टकराव से महागठबंधन को फायदा हो सकता है, खासकर उन 5 सीटों पर जहां वोट बंटेगा।



