धनतेरस पर बंपर सेल, कारोबार रेलमपेल

धनतेरस पर 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक का सोने चांदी का हुआ व्यापार। दिल्ली में ही सोने चांदी की दस हजार करोड़ से अधिक की बिक्री, स्वदेशी उत्पादों की बढ़ी मांग।

Share This Article:

नई दिल्ली: यूं तो भारत का प्रत्येक त्योहार अपने आप में विशेष महत्व रखता है, लेकिन धनतेरस की प्रमुखता कुछ अलग ही है। इस दिन पूरे देश में लोग सोना–चाँदी, बर्तन एवं रसोई का सामान एवं उपकरण, वाहन, झाड़ू, इलेक्ट्रॉनिक तथा इलेक्ट्रिकल वस्तुएं दिवाली पूजन हेतु लक्ष्मी- गणेश, मिट्टी के दिए तथा अन्य पूजन सामग्री सहित वस्तुएं खरीदते हैं जिन्हें धनतेरस पर खरीदना शुभ माना गया है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन खरीदी गई वस्तु में तेरह गुना वृद्धि होती है।

कॉन्फेडरेशन आफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री तथा दिल्ली के चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने बताया कि कार्तिक माह की कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को समुद्र मंथन के दौरान भगवान धनवंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे तभी से इस तिथि को धनतेरस या धनत्रयोदशी के रूप में मनाया जाता है। खंडेलवाल ने कहा कि धनतेरस पर आज पूरे देश में सोने चाँदी को मिलाकर अन्य महत्वपूर्ण धनतेरस संबंधित वस्तुओं का कुल व्यापार का अनुमान 1 लाख करोड़ रुपए का है।

सोने, चांदी की दुकानों पर उमड़े ग्राहक

कैट एवं इसके ज्वैलरी चैप्टर आल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन ( एआईजेजीएफ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने कहा की पिछले दो दिनों में और जिस प्रकार से ग्राहक सोने चांदी की दुकानों पर उमड़े हैं, उसको देखते हुए एक अनुमान के अनुसार देश भर में आज धनतेरस पर सोने चाँदी के गहनों, सिक्को एवं अन्य वस्तुओं का कारोबार 60 हजार करोड़ रुपए पार कर गया वहीं दिल्ली के बाजारों में यह कारोबार 10 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक हुआ जो पिछले वर्ष की तुलना में 25 प्रतिशत अधिक हुआ।

पिछले साल के मुकाबले इस साल सोने के भाव में करीब 60% की वृद्धि

पिछले वर्ष दीपावली के दौरान सोने का भाव लगभग 80,000 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जबकि इस वर्ष बढ़कर 1,30,000 रुपये प्रति 10 ग्राम को पार कर गया है। यानी करीब 60% की वृद्धि। इसी प्रकार चांदी की कीमतें 2024 में 98,000 रुपये प्रति किलोग्राम थीं, जो अब 1,80,000 रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गई हैं, यानी लगभग 55% की बढ़ोतरी। इन बढ़ी कीमतों के चलते निवेशक ग्राहकों ने बाज़ार में सामान ख़रीदा क्योंकि सोने चाँदी को निवेश हेतु सबसे सुरक्षित वस्तु माना जाता है वहीं आम ग्राहकों ने हल्के वजन के गहनों को प्राथमिकता दी।

स्टील के नए बर्तन, रसोई का सामान लेना शुभ माना जाता है

खंडेलवाल ने कहा कि धनतेरस पर तांबा, चांदी या स्टील के नए बर्तन खरीदना, रसोई का अन्य सामान तथा उपकरण लेना शुभ माना जाता है, जो समृद्धि और शुद्धता का प्रतीक हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार धनतेरस पर झाड़ू खरीदना दरिद्रता को दूर करता है और घर में सकारात्मक ऊर्जा एवं मां लक्ष्मी का आगमन सुनिश्चित करता है। आधुनिक युग में लोग मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसी वस्तुएँ भी शुभ मानकर खरीदते हैं, जो उन्नति और समृद्धि के प्रतीक बन चुके हैं।

बाजारों में रिकॉर्ड बिक्री

इस धनतेरस पर बाजारों में रिकॉर्ड बिक्री हुई जिसमें सोने चाँदी के अलावा मुख्य रूप से बर्तन एवं रसोई का सामान एवं उपकरण 15 हजार करोड़ रुपए, इलेक्ट्रॉनिक एवं इलेक्ट्रिकल का सामान 10 हजार करोड़ रुपए, सजावट, दीपक एवं पूजन सामग्री 3 हजार करोड़ रुपए तथा 12 हजार करोड़ रुपए ड्राई फ्रूट, फल, मिठाई, वस्त्र, वाहन आदि ख़रीदने में हुए खर्च का अनुमान है।कुल मिलाकर धनतेरस पर देश भर में 1 लाख करोड़ रुपए के बड़े व्यापार का अनुमान है। इस वर्ष व्यापार वृद्धि के प्रमुख कारणों में जीएसटी दरों में बड़े पैमाने पर की गई कटौती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए “स्वदेशी अपनाओ” के आह्वान का गहरा प्रभाव देखा गया है। उपभोक्ता अब स्थानीय एवं देशी उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे देश के छोटे व्यापारियों और निर्माताओं को सीधा लाभ मिला है। त्योहारी सीजन में न केवल मॉल्स बल्कि स्थानीय बाजार, सर्राफा गलियां, बर्तन मंडियां, इलेक्ट्रॉनिक मार्केट और खुदरा दुकानों में भी असाधारण उत्साह देखने को मिला। धनतेरस और दीपावली का यह पर्व न केवल आर्थिक गतिविधि का प्रतीक है बल्कि यह आस्था, समृद्धि और स्वदेशी संकल्प का उत्सव भी बन गया है, जिसने भारत की खुदरा अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा दी है।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.