नई दिल्ली: देश की पौराणिक नदी को उसका पुराना गौरव व रूप दिलाने की प्रभावी योजना गुरुवार से शुरू हो रही है। यानी यमुना नदी का प्रदूषण खत्म करने की महती योजना गुरूवार से रफ्तार पकड़ने वाली है। दिल्ली को आधुनिक सीवरेज नेटवर्क के रूप में एक बड़ी और सौगात मिल सकती है। करीब 1816 करोड़ से अधिक की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास गुरवार को किया जा सकता है। इस परियोजनाओं से स्वच्छ जलापूर्ति से जुड़ी योजनाएं तो शामिल है हीं, साथ ही यमुना को निर्मल व स्वच्छ बनाने के लिए कई विशेष प्रोजेक्ट हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का स्पष्ट कहना है कि यमुना नदी को निर्मल बनाना हमारी प्राथमिकता है और इसके लिए केंद्र सरकार हमारी भरपूर सहायता कर रही है।
यमुना सफाई अभियान को प्रभावी बल मिलेगा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि इन विशेष परियाजनाओं में दशकों पुरानी जल और सीवरेज समस्याओं को दूर करने पर केंद्रित हैं, जो यमुना नदी को लगातार प्रदूषित कर रही हैं। इन योजनाओं में प्रमुख रूप से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और सीवर लाइन्स का निर्माण और उसे दुरुस्त करना शामिल है। इन योजनाओं में स्वच्छ पेयजल को दूर-दराज के इलाकों तक कुशलतापूर्वक पहुंचाने के लिए बूस्टर पंपिंग स्टेशनों को भी इन परियोजनाओं में शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन प्रोजेक्ट में यमुना सफाई अभियान को प्रभावी बल मिलेगा। ये परियोजनाएं यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के व्यापक अभियान का एक अभिन्न अंग हैं। गंदे पानी को सीधे नदी में जाने से रोकने के लिए राजधानी के बड़े 22 नालों पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) भी बन रहे हैं। इनसे साफ हुआ पानी नदी में जाएगा और प्रदूषण को रोकेगा। इससे यमुना नदी हमेशा के लिए निर्मल व स्वच्छ होना शुरू हो जाएगी, जिसका दिल्ली के करोड़ों लोग सालों से इंतजार कर रहे हैं।
यमुना केवल नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता की जीवनधारा है
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भी कहा है कि यमुना नदी का पुनर्जीवन और स्वच्छता हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता की जीवनधारा है, जिसकी निर्मलता हमारी आस्था और पर्यावरणीय प्रतिबद्धता दोनों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि यमुना को प्रदूषणमुक्त, स्वच्छ और पुनर्जीवित बनाना। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार के चुनावी घोषणा पत्र में यमुना की सफाई अभियान को विशेष रूप से शामिल किया गया था। अब इस वादे को धरातल पर उतारने का समय आ गया है। सरकार चरणबद्ध रूप से ऐसी योजनाओं को लागू कर रही है, जिनसे न केवल प्रदूषण पर नियंत्रण होगा, बल्कि जल की गुणवत्ता में भी ऐतिहासिक सुधार आएगा।
आम लोग यमुना की स्वच्छता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में निर्मल नदियां, समृद्ध भारत का जो विजन है, हमारी सरकार उसी दिशा में ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ यमुना अभियान केवल एक पर्यावरणीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय संकल्प का हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने जनता से भी अपील की कि वे यमुना की स्वच्छता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। सरकार, जनता और समाज के सामूहिक प्रयास से ही यह पावन धारा पुनः अपनी ऐतिहासिक गरिमा और निर्मल रूप प्राप्त करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में यमुना न केवल प्रदूषण मुक्त होगी, बल्कि दिल्ली के हर नागरिक को स्वच्छ जल और हरित पर्यावरण की सौगात देगी।



