पटना/भोजपुर: बड़हरा विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के हजारों कार्यकर्ता शनिवार को पटना में आयोजित “अम्बेडकर दलित आदिवासी अधिकार संवाद” कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़े उत्साह के साथ रवाना हुए। इस काफिले का नेतृत्व राजद के युवा नेता रामबाबू सिंह कर रहे थे।
पटना के लिए कूच
क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से कार्यकर्ता सकड्डी के पास एकत्र हुए, जहां से एक भव्य रोड मार्च निकालते हुए उन्होंने पटना के लिए कूच किया। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं में खासा जोश और उत्साह देखने को मिला। हाथों में झंडे, मुखर नारे और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश साफ झलक रहा था। रवाना होने से पूर्व मीडिया से बातचीत में रामबाबू सिंह ने कहा, “पिछड़ों और वंचितों की आवाज को बुलंद करने के लिए आज बिहार में सबसे मजबूत विकल्प तेजस्वी यादव हैं। हम भोजपुर से पटना सिर्फ एक कार्यक्रम में नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन में भाग लेने जा रहे हैं।”
ये भी पढ़ें- बिहार चुनाव : खुद तो शून्य, लेकिन दूसरों के साथ मिलकर बन जाते 10
तेजस्वी बने मुख्यमंत्री
इस अवसर पर राजद युवा अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार ने भी रामबाबू सिंह की सराहना करते हुए कहा, “बड़हरा से इस तरह कार्यकर्ताओं का जुटान यह साबित करता है कि सामाजिक न्याय की नई लड़ाई को बिहार का युवा गंभीरता से ले रहा है। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में नई पीढ़ी एकजुट हो रही है।” काफिले में राजद के युवा, छात्र, महिला और अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल थे। सभी कार्यकर्ताओं का एक ही नारा था — “2025 में तेजस्वी मुख्यमंत्री!”
कार्यक्रम को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल देखा गया।



