पटना: बिहार की चुनावी जंग में जनता दल (यूनाइटेड) ने अपना तीर कमान से छोड़ दिया है! मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की माैजूदगी में शनिवार देर रात तक चली मैराथन बैठक के बाद पार्टी ने उम्मीदवारों की लिस्ट को लॉक कर लिया। इससे सियासी गलियारों में हलचल मच गई है। क्या होगा पुराने खिलाड़ियों का ! कौन से नए सितारे चमकेंगे !
चार दिग्गजों का कट सकता है टिकट
सूत्राें के अनुसार, इस बार JDU ने चार वर्तमान विधायकों का टिकट काटने का फैसला किया है। इन विधायकों के प्रदर्शन और स्थानीय स्तर पर असंतोष को देखते हुए पार्टी ने बदलाव का मन बनाया है। वहीं, 10 से 15 नए चेहरों को मौका देने की तैयारी भी लगभग तय मानी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पष्ट कर दिया है कि केवल जीतने वाले प्रत्याशी को ही मैदान में उतरेंगे। ये बदलाव JDU को नई ऊर्जा देने का मास्टरस्ट्रोक साबित हो सकता है, या फिर पुराने साथियों की बगावत का सबब!
नए चेहरों का जलवा: 10-15 फ्रेशर तैयार
पुराने को अलविदा कहते हुए, JDU ने 10 से 15 नए चेहरों को मौका देने का मन बनाया है। ये युवा और डायनामिक उम्मीदवार जमीन से जुड़े हैं और साफ-सुथरी छवि वाले हैं। पार्टी चाहती है कि ये नए सिपाही वोटरों को ताजगी का एहसास कराएं।
एक फेज में चुनाव के लिए JDU तैयार
चुनाव आयुक्त के साथ हुई विभिन्न राजनीतिक दलों की बैठक में JDU ने साफ संकेत दिया है कि वह एक ही फेज में चुनाव कराने के पक्ष में है। पार्टी का मानना है कि इससे प्रशासनिक व्यवस्था आसान होगी और उम्मीदवारों को एक साथ प्रचार का मौका मिलेगा।
नीतीश कुमार की रणनीति, मजबूती से ताल ठोकने की तैयारी
नीतीश कुमार की रणनीति इस बार साफ दिख रही है कि क्लीन इमेज और जमीन से जुड़े उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार चाहते हैं कि इस बार JDU मैदान में पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ उतरे।
लिस्ट जल्द हो सकती है सार्वजनिक
फिलहाल JDU के प्रदेश कार्यालय में उम्मीदवारों के नामों को फाइनल किया जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि अगले दो दिनों में जेडीयू की पहली सूची सार्वजनिक कर दी जाएगी। नीतीश कुमार खुद लिस्ट पर अंतिम मुहर लगाएंगे।



