चक्रधरपुर: बिहार के चक्रधरपुर रेल मंडल के बिमलगढ़ रेलखंड में आज एक भीषण नक्सली विस्फोट हुआ, जिसमें एक ट्रैकमैन की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना ओडिशा-झारखंड सीमा क्षेत्र में उस समय हुई जब दो रेलकर्मी एतवा ओराम (58) और बुधराम मुंडा पटरी की पेट्रोलिंग कर रहे थे। उसी दौरान नक्सलियों द्वारा बिछाया गया बम अचानक फट गया।
घायल ट्रैकमैन राउरकेला रेफर
विस्फोट के बाद, दोनों घायल रेलकर्मियों को बंडामुंडा रेलवे अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद एतवा ओराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल बुधराम मुंडा को बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर किया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़े: मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधी, गैस एजेंसी संचालक को गोली मारी
रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
यह घटना उस समय हुई जब नक्सली पहले ही क्षेत्र में लाल बैनर लगाकर बंद का ऐलान कर चुके थे। सुबह एक और विस्फोट कर पटरी भी उड़ा दी गई थी। इसके बावजूद, रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लग रहा है, क्योंकि आरपीएफ द्वारा ट्रैक की समुचित जांच किए बिना ही कर्मियों को पेट्रोलिंग के लिए भेजा गया। दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस कांग्रेस के मंडल संयोजक शशि मिश्रा ने इसे एक गंभीर चूक बताते हुए रेलकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।



