गया: बिहार के गया जिले में अपराधियों ने नगर निगम के एक सफाई कर्मी मनीष मांझी (25) की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि मनीष की तीन साल पहले हुई लव मैरिज से लड़की का भाई नाराज था, और इसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
मौके पर ही हुई मौत प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात पांच अज्ञात अपराधी मनीष मांझी को रास्ते से जबरन उठा कर एक सुनसान गली में ले गए। वहाँ उन्होंने मनीष के सिर में तीन गोलियां दाग दीं। गोली लगने से मनीष की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के भाई ने लगाए आरोप
घटना के बाद जब पुलिस को सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि बैरागी के विक्की और विकास ने उनके भाई की हत्या की है। उन्होंने कहा कि ये लोग जबरन मनीष को गली में ले गए और फिर गोली मार दी।
यह भी पढ़े: गुस्से में आग-बबूला हुआ यात्री, स्पाइसजेट के कर्मचारियों पर किया जानलेवा हमला
आरोपियों की तलाश जारी
डेल्हा थाना के थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मनीष मांझी की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जाँच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



