मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर के करजा थाना क्षेत्र के बड़कागांव में शनिवार की शाम एक बड़ी आपराधिक घटना हुई, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। अभिनव गैस एजेंसी के संचालक धीरज शाही उर्फ अभिनव कुमार पर पाँच अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोली लगने से संचालक की हालत नाजुक
यह घटना उस वक्त हुई जब धीरज शाही अपने कार्यालय में मौजूद थे। हथियारों से लैस अपराधियों ने गैस एजेंसी में घुसते ही उनसे पैसों की मांग की। जब धीरज ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उन पर तीन गोलियां चला दीं। गोली लगने से धीरज शाही के सीने, कंधे और बांह में गंभीर चोटें आईं। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और उन्हें तुरंत बैरिया के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहाँ उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
लूटपाट कर फरार हुए हमलावर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर पांच लोग थे जो मोटरसाइकिल पर आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद, वे हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने गैस एजेंसी से नकदी भी लूटी है।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाल रही है
मुजफ्फरपुर ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जाँच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और छापेमारी जारी है।
यह भी पढ़े: गुस्से में आग-बबूला हुआ यात्री, स्पाइसजेट के कर्मचारियों पर किया जानलेवा हमला
व्यवसायियों में आक्रोश, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों में भारी गुस्सा है। उत्तर बिहार गैस वितरक संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह ने घायल संचालक से मिलने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप संचालक लगातार अपराधियों के निशाने पर हैं, लेकिन पुलिस उन्हें सुरक्षा देने में नाकाम रही है।



