पटना: पटना के चितकोहरा गोलंबर पर बुधवार पुलिस और जनसुराज कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश में पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। जनसुराज के मुखिया प्रशांत किशोर के साथ धक्का-मुक्की की गई। इससे नाराज प्रशांत किशोर ने नीतीश सरकार को चेतावनी दी कि जितनी मर्जी रोकने की कोशिश कर लें, हम यहां से हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने जंग का ऐलान करते हुए कहा कि इनका जीना हराम कर देंगे। सीएम नीतीश को उनके घर में घेरेंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले गरीबी, भूमि सर्वेक्षण में व्याप्त में भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों कों लेकर जनसुराज सड़क पर उतरी। ऐलान विधानसभा के घेराव का था। इसी दौरान पुलिस और जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई है। प्रदर्शन के दौरान जब प्रशांत किशोर बिहार विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे, तो उनके और बिहार पुलिस के बीच धक्का मुक्की हुई। पुलिस ने पटना के चितकोहरा गोलंबर पर कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। इसमें कई जनसुराजी कार्यकर्ता घायल हो गए।
पुलिस ने किया लाठीचार्ज, घायल हुए कार्यकर्ता
तयशुदा कार्यक्रम के तहत जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने जब विधानसभा के घेराव की कोशिश की, तो पुलिस ने पटना के चितकोहरा गोलंबर के बैरिकेड लगाकर कार्यकर्ताओं को रोक दिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। इससे हंगामा बढ़ गया और पुलिस ने उन पर हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज में कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल रहीं। इस दौरान प्रशांत किशोर की पुलिस से तीखी बहस भी हुई।
इन मुद्दों पर विधानसभा का किया घेराव
जनसुराज मुख्य तीन मुद्दों को लेकर विधानसभा घेराव करने सड़क पर उतरी थी। इनमें भूमि सर्वेक्षण में हो रहे भ्रष्टाचार, सरकार की घोषणा के बावजूद गरीब परिवारों को रोजगार के लिए दो लाख रुपये न मिलने और दलित भूमिहीन परिवारों को तीन डिसमिल जमीन न देने से जुड़े मसले शामिल थे। आने वाले विधानसभा चुनाव जनसुराज की इस तरह की आक्रामकता बिहार की सियासत में क्या गुल खिलाती है, यह देखना दिलचस्प होगा।



