नई दिल्ली: विवेक निकेतन एजुकेशनल ट्रस्ट ने दिल्ली में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बनाने की दिशा में एक दिवसीय ‘गीता ज्ञान’ का आयोजन गोल्डन जुबली ऑडिटोरियम, पटेल चेस्ट, दिल्ली विश्वविद्यालय में किया|
कार्यक्रम में दिल्ली के मेयर राजा इकबाल सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने ऐसे आयोजनों को समाज में सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक जागरूकता को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों, शिक्षकों, एवं युवाओं ने सहभागिता की।
प्रख्यात गीता मर्मज्ञ, विद्वान एवं शास्त्रज्ञ वेदांताचार्य शिवेंद्र नागर जी ने कहा “आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में मानसिक तनाव सबसे बड़ी बीमारी बनता जा रहा है। आज की Gen Z अनेक तरह के दबाव, डिजिटल विचलन और प्रतिस्पर्धा के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में गीता का ज्ञान उन्हें भावनात्मक संतुलन, आत्म-नियंत्रण और सही निर्णय लेने की क्षमता देता है। गीता सिखाती है कि जब मन पर नियंत्रण और ईश्वर पर विश्वास हो, तो डर और तनाव स्वतः कम हो जाते हैं और निर्णय भी अधिक स्पष्ट और संतुलित हो जाते हैं”।

कार्यक्रम के दौरान “आज का विचार” एवं “थॉट ऑफ़ दा डे” नाम से हिंदी और इंग्लिश में नए टेबल कैलेंडरों का लोकार्पण किया|
इस अवसर पर श्री नरेश गर्ग जी ने ट्रस्ट द्वारा आयोजित विभिन्न गतिविधियों व अभियानों के माध्यम से समाज में बढ़ रही गतिरोधों और यह ज्ञान क्यों जरूरी है, इस पर प्रकाश डाला और कहा कि समाज में आध्यात्मिक ज्ञान का प्रचार कर समाज को अध्यात्म की ओर प्रेरित करना, अपने सांस्कृतिक मूल्यों को अपनी पीढ़ी तक पहुँचाना, सशक्त युवा पीढ़ी को प्रेरित करना ही ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य है।



