Vijay Net Worth: तमिलगा वेत्री कषगम यानी टीवीके के प्रमुख विजय सुर्ख़ियों में हैं। 27 सितंबर 2025 को उन्होंने तमिलनाडु के करूर में रैली की थी, जिसमें भगदड़ मच गई। साउथ सुपस्टार की रैली में 39 लोगों की जान चली गई, जिसमें ज्यादातर बच्चे और महिलाएं हैं। साउथ के थलपति कहे जाने वाले विजय सबसे अमीर अभिनेताओं की सूची में शुमार हैं। फिल्मों में अपनी बादशाहत कायम करने के बाद अब राजनीति में सिक्का जमाना चाहते हैं। फॉर्च्यून इंडिया की पिछले साल की रिपोर्ट के मुताबिक शाहरुख खान के बाद सबसे अधिक एडवांस्ड टैक्स भरने वाले सेलिब्रिटीज लिस्ट में वो दूसरे नंबर पर रहे। आइये जानते हैं उनके नेटवर्थ के बारे में-
विजय का नेटवर्थ
थलपति विजय के फैंस सिर्फ भारत में नहीं बल्कि विदेशों में भी हैं। एक्टिंग के साथ-साथ वो ब्रांड एंडोर्समेंट और रियल एस्टेट के जरिए मोटा पैसा कमाते हैं। कई मीडिया रिपोर्ट्स में फ़ोर्ब्स के आंकड़ों के हवाले से कहा गया है कि उनका टोटल नेटवर्थ 474 करोड़ है। विजय एक फिल्म के लिए 130 से 200 करोड़ तक चार्ज करते हैं। साल 2024 में उन्हें अपनी फिल्म GOAT के लिए 200 करोड़ रुपया मिला था। फिल्म के प्रोड्यूसर ने खुद इस बात की जानकारी दी थी। विजय कोका-कोला और सनफीस्ट जैसी ब्रांड्स से भी कमाई करते हैं। 2024 में शाहरुख खान ने 92 करोड़ टैक्स पे किया था, जबकि विजय ने 80 करोड़ रुपये का एडवांस्ड टैक्स दिया था। इसी से उनकी कमाई का अंदाजा लगा सकते हैं।
विजय का समुद्र के किनारे बंगला है, जो एकदम महल जैसा है। चेन्नई के नीलांकरई में कैसुआरिना ड्राइव पर बना यह बंगला हॉलीवुड स्टार टॉम क्रीज के बीच हाउस से इंस्पायर होकर उन्होंने बनवाया। विजय के पास रोल्स रॉयस घोस्ट, BMW X5-X6, ऑडी A8 L, मर्सिडीज बेंज, रेंज रोवर जैसी कई महंगी गाड़ियां हैं।
विधानसभा चुनाव से डेब्यू की तैयारी
विजय की राजनीतिक करियर की बात करें तो उन्होंने फरवरी 2024 में अपनी पार्टी बनाई थी। अगले साल होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से विजय अपनी राजनीतिक डेब्यू करेंगे। विजय यह चुनाव अकेले लड़ेंगे। बीजेपी या किसी अन्य के साथ गठबंधन करने से वो पहले ही इंकार कर चुके हैं। तमिलनाडु में DMK और AIADMK गठबंधन का 70 से 80 प्रतिशत वोट पर कब्ज़ा है। ऐसे में अपना जनाधार बनाने के लिए विजय रैलियां कर रहे हैं।



