पटना: बिहार की राजधानी पटना में आज एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के बीच 01 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास ‘संकल्प’ में एक अहम मुलाकात हुई। इस शिष्टाचार भेंट को बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस बैठक में बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा भी मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक, भले ही यह मुलाकात औपचारिक रूप से शिष्टाचार भेंट थी, लेकिन इसमें बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, गठबंधन के मुद्दों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर अनौपचारिक चर्चा हुई।
धर्मेंद्र प्रधान को बिहार का प्रभारी बनाया
धर्मेंद्र प्रधान को हाल ही में बिहार बीजेपी का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह उनकी नीतीश कुमार के साथ पहली औपचारिक मुलाकात थी। राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को एनडीए गठबंधन की एकजुटता का संदेश देने वाला माना जा रहा है। साथ ही, बीजेपी और जेडीयू के बीच तालमेल, सीट बंटवारे और चुनावी रणनीति जैसे अहम मुद्दों पर आने वाले दिनों में गहन बातचीत की संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढ़ेंः घरेलू कलह में उलझे तेजस्वी!, रणनीति बनाने में जुटा NDA
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मुलाकात बिहार की सियासत में नई हलचल पैदा कर सकती है। एक ओर यह एनडीए की एकता को प्रदर्शित करती है, वहीं दूसरी ओर यह आगामी चुनाव के लिए रणनीतिक विमर्श की शुरुआत का संकेत देती है। बिहार की जनता और राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात को लेकर चर्चा तेज हो गई है, और सभी की नजरें अब एनडीए के अगले कदम और चुनावी रणनीति पर टिकी हैं।



