नई दिल्ली। गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी दिवस हर साल बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इस बार 24 नवंबर 2025 को यह पावन दिन है। लाखों श्रद्धालु पंजाब के आनंदपुर साहिब पहुंचकर गुरु साहिब को श्रद्धांजलि देते हैं। भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।
पटना साहिब से चलेगी 22 कोच की बड़ी स्पेशल ट्रेन
पटना साहिब से आने वाले यात्रियों के लिए सबसे बड़ी सुविधा दी गई है। 23 नवंबर 2025 को सुबह 6:40 बजे पटना साहिब से एक 22 कोच वाली स्पेशल ट्रेन रवाना होगी। यह ट्रेन सभी श्रेणियों (स्लीपर, थर्ड एसी, सेकंड एसी आदि) की होगी, ताकि हर वर्ग के यात्री आसानी से आ सकें। यह ट्रेन रास्ते में लखनऊ, मुरादाबाद और अंबाला में रुकेगी और 24 नवंबर सुबह 4:15 बजे आनंदपुर साहिब पहुंच जाएगी। वापसी में 25 नवंबर को रात 9 बजे आनंदपुर साहिब से चलेगी और उसी रात 11:30 बजे पुरानी दिल्ली पहुंच जाएगी।
दिल्ली से रोजाना चलेगी पूरी तरह वातानुकूलित ट्रेन
दिल्ली और आसपास के इलाकों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पुरानी दिल्ली से रोजाना एक पूरी तरह एसी स्पेशल ट्रेन चलेगी। यह ट्रेन 22, 23, 24 और 25 नवंबर को सुबह 7 बजे पुरानी दिल्ली से चलेगी और दोपहर 1:45 बजे आनंदपुर साहिब पहुंच जाएगी। सिर्फ साढ़े छह घंटे का सफर! वापसी में हर रात 11:30 बजे आनंदपुर साहिब से चलेगी और अगले दिन सुबह 3:15 बजे दिल्ली पहुंच जाएगी। इस ट्रेन के रास्ते में सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला, सरहिंद और न्यू मोरिंडा स्टेशन पर ठहराव होंगे।
यात्रियों से अपील- पहले से टिकट बुक करें
रेलवे ने सभी यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे पहले से टिकट बुक कर लें और इन विशेष ट्रेनों का लाभ उठाएं। इससे लंबी वेटिंग और परेशानी से बचा जा सकेगा। टिकट आईआरसीटीसी वेबसाइट, ऐप या रेलवे काउंटर से लिए जा सकते हैं।
ये भी पढ़ें-मनरेगा जॉब कार्ड अब एक मिनट में हो जाएगा वेरीफाई
मंत्री बोले, गुरु साहिब के बलिदान को सलाम
केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, गुरु तेग बहादुर ने धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। भारतीय रेलवे को गर्व है कि हम उनके शहीदी दिवस पर लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा मुहैया करा रहे हैं। इस तरह भारतीय रेलवे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि धार्मिक और सांस्कृतिक अवसरों पर वह यात्रियों के साथ पूरी तरह खड़ा है।



