पटना: महागठबंधन के बिहार बंद के दौरान पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव और कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार को फजीहत झेलनी पड़ी। दरअसल, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में महागठबंधन ने आज बिहार बंद का ऐलान किया था। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने बंद के समर्थन में मार्च निकाला। इस मार्च में कन्हैया कुमार और पप्यू यादव भी शामिल होना चाहते थे, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने दोनों नेताओं को गाड़ी में चढ़ने नहीं दिया। जबकि वीआईपी प्रमुख मुकेश समेत गठबंधन के दूसरे नेता सवार थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
यह है पूरा मामला
बिहार बंद का नेतृत्व लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी कर रहे थे। इसमें महागठबंधन में शामिल सभी नेताओं ने हिस्सा लिया था। नेताओं को इनकम टैक्स गोलंबर से ट्रक पर सवार होकर चुनाव आयोग कार्यालय तक जाना था। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और महागठबंधन के अन्य नेता एक ट्रक पर सवार हुए। इसी दौरान कन्हैया कुमार और पप्पू यादव रथ पर सवार होने के लिए आगे बढ़े, लेकिन दोनों को सुरक्षाकर्मियों ने उनको रोक दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ।
दो बड़े नेताओं से व्यवहार पर लगे कयास
सियासी जानकारों का कहना है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इशारे से इन दोनों नेताओं को चढ़ने नहीं दिया गया। इसकी बड़ी वजह तेजस्वी यादव के साथ पप्पू यादव और कन्हैया कुमार का रिश्ता ठीक न होना है। राहुल गांधी कतई नहीं चाहते कि बिहार चुनाव से पहले तेजस्वी यादव की नाराजगी मोल ली जाए। वह इसलिए भी कि अभी सीट शेयरिंग पर कांग्रेस व राजद में बातचीत होनी है।
उधर, पूरे मामले को कुछ जानकार कांग्रेस के भीतर की अंतर्कलह मान रहे हैं। वहीं, कुछ लोग इसे सुरक्षा का हवाला दे रहे हैं। फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पप्पू यादव ने जरूर कहा है कि हम लोगों के दिल में रहते हैं। देश हमको हीरो मानता है। सात बार सांसद रहे हैं। तेजस्वी यादव कौन होते हैं, वाहन पर चढ़ने से रोकने वाले। जब हम विधायक बने थे, तब तेजस्वी पैदा भी नहीं हुए थे।
पैदल चलते रहे कन्हैया
ट्रक से सुरक्षाकर्मियों द्वारा उतारे जाने के बाद कन्हैया कुमार पूरे रास्ते पैदल चलते रहे। रास्ते में कई बार राहुल गांधी का वाहन उनके सामने से गुजरा, लेकिन राहुल गांधी ने कन्हैया कुमार से बातचीत नहीं की।
घटना पर जदयू ने ली चुटकी
कन्हैया कुमार को जगह नहीं मिलने पर जेडीयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस में युवाओं के लिए कितनी जगह है, वो साफ दिख रहा है। हो सकता है राहुल गांधी, तेजस्वी यादव को सख्त संदेश देना चाहते हो कि हम जिसको गाड़ी पर चढ़ने नहीं देते हैं उसको आगे क्या बढ़ने देंगे।



