नई दिल्ली: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने हाल ही में चेक क्लियरिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव करते हुए एक नया नियम लागू किया है, जिसके तहत अब चेक उसी दिन क्लियर करने का लक्ष्य रखा गया है। लेकिन लागू होने के कुछ ही दिनों में देशभर के कई बैंकों में तकनीकी गड़बड़ियों और सिस्टम फेलियर की शिकायतें आने लगी हैं। जिसका नतीजा यह हैं कि हजारों चेक बैंक में अटके पड़े हैं और ग्राहकों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्या हैं नया नियम
RBI ने 4 अक्टूबर 2025 से Continuous (T+0) Clearing System लागू किया है। जहां पहले चेक क्लियरिंग में 1 से 2 दिन लगते थे, अब इस सिस्टम के तहत चेक को उसी दिन प्रोसेस और क्लियर किया जाना है। इस बदलाव का उद्देश्य पेमेंट प्रक्रिया को और अधिक तेज़ और पारदर्शी बनाना है। NPCI (National Payments Corporation of India) के माध्यम से देशभर के बैंकों को इस नए सॉफ्टवेयर से जोड़ा गया है ताकि आसानी से इस पर कार्य किया जा सके।
परेशानियां क्या हैं?
नए सिस्टम की शुरुआत के बाद बैंकों को कई तकनीकी और संचालन संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बैंक में सॉफ्टवेयर गड़बड़ियों के कारण चेक प्रोसेस नहीं हो पा रहे हैं। साथ ही इमेज स्कैनिंग एरर और सर्वर डिले की वजह से क्लियरिंग अटक रही है। वही कुछ बैंक शाखाओं में कर्मचारियों को नए सिस्टम की ट्रेनिंग नहीं मिल पाई है, जिससे काम की रफ्तार और धीमी हो गई है। कई ग्राहकों ने सोशल मीडिया पर शिकायत की है कि उनके चेक जमा करने के बाद भी चार से पांच दिन तक क्लियर नहीं हुए। कुछ ग्राहकों ने यह भी शिकायत की हैं की सिस्टम में हो रही खराबी के चलते कई बैंक शखाओ ने तो उन्हें चेक वापिस भी कर दिए हैं।
बैंकों की प्रतिक्रिया
बैंकों का कहना है कि यह एक बड़ा तकनीकी परिवर्तन है, जिसे पूरी तरह स्थिर होने में समय लगेगा। बैंक यूनियनों ने भी बताया कि कई शाखाओं में सर्वर बार-बार डाउन हो रहा है और कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ गया है। कुछ बैंकों ने RBI से नियम को अस्थायी रूप से स्थगित करने या अतिरिक्त समयसीमा देने की मांग भी की है ताकि सिस्टम को स्थिर किया जा सके।
- इसको भी पढ़ें: RBI New Rules: ईएमआई नहीं चुकाई तो फ़ोन-टीवी होगा लॉक
RBI और NPCI का पक्ष
RBI और NPCI का कहना है कि शुरुआती चरण में ‘teething issues’ आना स्वाभाविक है। संस्थान के अनुसार, अधिकतर तकनीकी समस्याएं हल की जा चुकी हैं और अब सिस्टम धीरे-धीरे स्थिर हो रहा है। NPCI ने दावा किया कि पहले सप्ताह में करोड़ों चेक सफलतापूर्वक उसी दिन क्लियर किए गए हैं और ग्राहकों को जल्द ही सुविधा का पूरा लाभ मिलेगा।
चेक जमा करते समय रखे इन बातो का ध्यान
- चेक भरते समय सभी जानकारी साफ़ और सही लिखें ताकि स्कैनिंग में समस्या न हो।
- अगर चेक तय समय में क्लियर नहीं होता तो बैंक ब्रांच या कस्टमर केयर में शिकायत दर्ज कराएं।
- तत्काल भुगतान के लिए NEFT, RTGS या UPI जैसे डिजिटल विकल्प अपनाएं।



