समस्तीपुर: बिहार की राजनीति में एक बार फिर कर्पूरी ठाकुर परिवार की चर्चा तेज हो गई है। समस्तीपुर जिले की मोरवा विधानसभा सीट से जन सुराज पार्टी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर की पौत्री डॉ. जागृति ठाकुर ने बुधवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके साथ ही नामांकन के चौथे दिन मोरवा विधानसभा क्षेत्र (संख्या-135) में नामांकन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ी। इस दिन दो अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन दाखिल कर क्षेत्र का “नामांकन खाता” खोल दिया। एक अन्य प्रत्याशी निर्दलीय चंद्रशेखर राय ने भी अपना नामांकन पत्र जमा किया। दोनों अभ्यर्थियों ने निर्वाची पदाधिकारी सह भूमि सुधार उपसमाहर्ता रोहित कुमार के समक्ष अपना-अपना पर्चा भरा।
नामांकन के दौरान जागृति ठाकुर ने कहा कि वे जननायक कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाने के लिए राजनीति में कदम रख रही हैं। “जननायक के अधूरे सपनों को साकार करना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना ही मेरा उद्देश्य है। नामांकन के मौके पर जनसुराज पार्टी के कई कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कार्यालय परिसर में दिनभर रौनक बनी रही। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सूत्रों के अनुसार, आगामी दिनों में मोरवा विधानसभा क्षेत्र से कई प्रमुख दलों के उम्मीदवारों के नामांकन की संभावना जताई जा रही है, जिससे चुनावी सरगर्मी और बढ़ेगी।
जन सुराज पार्टी ने डॉ. जागृति ठाकुर को उम्मीदवार बनाकर सबको चौंका दिया है। जन सुराज द्वारा जारी पहली उम्मीदवार सूची में जब डॉ. जागृति ठाकुर का नाम सामने आया, तो मोरवा के राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा का माहौल बन गया। लोग इसे “कर्पूरी परिवार की वापसी” के रूप में देख रहे हैं।



