नई दिल्ली: केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ गुजरात के साणंद में सीजी पावर की भारत की पहली एंड-टू-एंड सेमीकंडक्टर ओएसएटी पायलट लाइन सुविधा का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस पायलट लाइन का उद्घाटन सेमीकंडक्टर डिजाइन, निर्माण और डाउनस्ट्रीम क्षमताओं के विकास के भारत के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। गुजरात इस परिवर्तन में एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।
सेमीकंडक्टर मिशन के तहत महत्वपूर्ण उपलब्धि
वैष्णव ने ओएसएटी पायलट लाइन की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया और कहा कि यहां निर्मित चिप्स का उपयोग ग्राहक योग्यता निर्धारण के लिए किया जाएगा। इन चिप्स के स्वीकृत हो जाने के बाद वाणिज्यिक संयंत्रों के लिए योग्य उत्पादों का पूर्ण पैमाने पर उत्पादन शुरू करना बहुत आसान हो जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह उद्घाटन भारत सेमीकंडक्टर मिशन के तहत हासिल की गई सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है, जिसके तहत अब तक दस परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है।
स्किल्ड प्रोफेशनल्स की कमी पूरा करने का बेहतर अवसर भारत के पास
मंत्री ने कहा कि भारत के सेमीकंडक्टर मिशन का एक प्रमुख उद्देश्य स्किल्ड प्रोफेशनल्स की एक वैश्विक पाइपलाइन विकसित करना है। 2032 तक दुनिया में 1 मिलियन सेमीकंडक्टर स्किल्ड प्रोफेशनल्स की कमी होने का अनुमान है और भारत के पास इस कमी को पूरा करने का एक बड़ा अवसर है। इसके लिए सरकार ने 270 विश्वविद्यालयों के साथ साझेदारी की है और उन्हें अत्याधुनिक सेमीकंडक्टर डिजाइन उपकरणों से सुसज्जित किया है। अकेले 2025 में, इन उपकरणों का 1.2 करोड़ से ज़्यादा बार उपयोग किया गया। इसका सीधा परिणाम यह हुआ है कि मोहाली स्थित सेमीकंडक्टर प्रयोगशाला (एससीएल) में 17 संस्थानों द्वारा डिज़ाइन किए गए 20 चिप्स का सफलतापूर्वक निर्माण किया गया है।
सीजी सेमी ओएसएटी सुविधा के बारे में
गुजरात के साणंद स्थित सीजी सेमी सुविधा भारत के पहले पूर्ण-स्तरीय आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्ट (ओएसएटी) संयंत्रों में से एक है। यह चिप असेंबली, पैकेजिंग, परीक्षण और परीक्षण-पश्चात सेवाओं के लिए संपूर्ण समाधान प्रदान करता है, जिसमें पारंपरिक और उन्नत पैकेजिंग तकनीकें शामिल हैं। यह भारत की सेमीकंडक्टर क्षमताओं को मज़बूत करने और वैश्विक बाज़ारों में आत्मनिर्भर बनने के देश के लक्ष्य में एक बड़ा कदम है।
केंद्र और राज्य सरकारों से सहायता प्राप्त सीजी सेमी गुजरात के साणंद में दो अत्याधुनिक सुविधाओं (जी1 और जी2) को विकसित करने के लिए पांच वर्षों में 7,600 करोड़ रुपये (~ 870 मिलियन अमरीकी डॉलर) से अधिक का निवेश कर रही है।
सीजी सेमी के बारे में
सीजी सेमी, सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड (मुरुगप्पा ग्रुप), रेनेसास इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन (एक वैश्विक सेमीकंडक्टर कंपनी) और स्टार्स माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स (थाईलैंड स्थित ओएसएटी और ईएमएस कंपनी) का एक संयुक्त उद्यम है। गुजरात के साणंद में मुख्यालय वाली सीजी सेमी, सेमीकंडक्टर असेंबली और परीक्षण के लिए व्यापक टर्न-की समाधान प्रदान करती है, जिसमें एसओआईसी, क्यूएफपी, क्यूएफएन, बीजीए, एफसीक्यूएफएन और एफसीबीजीए जैसे उन्नत और पुराने पैकेज शामिल हैं। कंपनी ऑटोमोटिव, रक्षा, बुनियादी ढाँचा और आईओटी जैसे उद्योगों में विविध अनुप्रयोगों में सेवाएं प्रदान करती है।



