नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज कई सालों से बंद है। अंतिम बार दोनों देशों के बीच 2012-13 में भारत में व्हाइट-बॉल सीरीज (White Ball Series) खेली गई थी। तब से राजनीतिक और कूटनीतिक रिश्तों के चलते दोनों देश केवल ICC और एशिया कप जैसी मल्टीनेशनल टूर्नामेंट्स में ही आमने-सामने आते हैं।
अब इसी क्रम में एक और बड़ा बदलाव देखा जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत अब बांग्लादेश (India Bangladesh Cricket) से भी द्विपक्षीय क्रिकेट संबंध सीमित करने की दिशा में बढ़ रहा है। लगातार दूसरी सीरीज रद्द होने के बाद यह सवाल और गहरा हो गया है कि क्या बीसीसीआई बांग्लादेश के साथ भविष्य में सीरीज खेलने से बच रहा है?
पुरुष टीम की सीरीज पहले ही स्थगित
इस साल अगस्त में भारतीय पुरुष टीम (Men’s Cricket Team) को बांग्लादेश दौरे पर जाना था, जहां एकदिवसीय और टी20 मैचों की श्रृंखला प्रस्तावित थी। लेकिन बांग्लादेश में उस दौरान राजनीतिक तनाव और सुरक्षा स्थितियों को देखते हुए बीसीसीआई ने टीम भेजने से इनकार कर दिया। इस निर्णय के बाद सीरीज को अगले साल सितंबर तक स्थगित कर दिया गया था। हालांकि, एशिया कप 2025 में दोनों टीमें आमने-सामने आई थीं, लेकिन द्विपक्षीय दौरा अब भी अनिश्चित है।
महिला क्रिकेट टीम की सीरीज भी रद्द
अब बीसीसीआई ने दिसंबर में प्रस्तावित महिला क्रिकेट टीम (Women’s Cricket Series) की व्हाइट-बॉल श्रृंखला भी रद्द कर दी है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें बीसीसीआई से आधिकारिक पत्र मिला है जिसमें दौरा रद्द करने की जानकारी दी गई है।
नई तारीखों को लेकर अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। यह फैसला उस समय आया है जब हाल ही में बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को एक अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी, जिसके बाद देश में तनाव बढ़ गया था और भारत के खिलाफ राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज हो गई थी।
सुरक्षा कारणों को बताया वजह, लेकिन संकेत गहरे
बीसीसीआई ने अपने निर्णय की मुख्य वजह खिलाड़ी सुरक्षा बताई है, लेकिन लगातार दो सीरीज रद्द होने के बाद इस बात के संकेत मिलने लगे हैं कि भारत अब बांग्लादेश के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट खेलने में हिचक रहा है।
यह स्थिति पाकिस्तान के साथ भारत की नीति की याद दिलाती है, जहां राजनीतिक हालात के चलते क्रिकेटीय संबंध वर्षों से ठहरे हुए हैं।
अब श्रीलंका से खेलेगी Team India
बांग्लादेश दौरे की जगह अब भारतीय टीम दिसंबर में श्रीलंका के साथ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। यह सीरीज 21 दिसंबर से शुरू होगी। पहले दो मुकाबले विशाखापट्टनम में और बाकी तीन तिरुवनंतपुरम में आयोजित होंगे। यह भी खास है कि 2016 के बाद पहली बार श्रीलंका महिला टीम भारत दौरे पर आ रही है, जिससे प्रशंसकों में उत्साह साफ दिखाई दे रहा है।
लगातार दो सीरीज के रद्द होने के बाद यह स्पष्ट है कि भारत-बांग्लादेश क्रिकेट संबंधों में तनाव बढ़ा है। आने वाले महीनों में बीसीसीआई की रणनीति यह तय करेगी कि यह स्थिति अस्थायी है या फिर यह संबंध पाकिस्तान की तरह लम्बे ठहराव में बदल जाएंगे।



