नई दिल्ली। भारत और दक्षिण अफ्रीका (India vs South Africa) के बीच होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज से पहले भारतीय टीम (Team India) का चयन बुधवार को किया जाएगा। चयन की घोषणा रायपुर में खेले जाने वाले दूसरे वनडे मैच के दौरान की जाएगी। यह सीरीज टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
हार्दिक पंड्या की वापसी लगभग पक्की
लंबे समय से चोटों से जूझ रहे ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) की टीम में वापसी लगभग तय मानी जा रही है। हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (Ali Trophy) में अर्धशतक लगाकर उन्होंने अपनी फिटनेस और फॉर्म साबित की। चयन समिति हार्दिक को टी20 सेटअप में अहम भूमिका के रूप में देख रही है, खासकर क्योंकि बड़े टूर्नामेंट करीब हैं और टीम को अनुभवी नेतृत्व की जरूरत है।
शुभमन गिल को लेकर चयनकर्ताओं में असमंजस
सीरीज से पहले सबसे बड़ा सवाल उपकप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) की उपलब्धता को लेकर है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में बल्लेबाजी के दौरान गिल की गर्दन में चोट लगी थी, जिसके बाद वह टेस्ट और वनडे सीरीज दोनों से बाहर हो गए। सोमवार को वे बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) पहुंचे जहां उनका फिटनेस टेस्ट होना है। अगर वे इस टेस्ट में पास नहीं होते हैं, तो टीम को ओपनिंग स्लॉट में बदलाव करना पड़ सकता है। इस स्थिति में अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करने के लिए संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल मजबूत उम्मीदवार माने जा रहे हैं।
रियान पराग टीम में लौट सकते हैं
चयन समिति रियान पराग को भी टीम में शामिल करने पर विचार कर रही है। पराग ने पिछली बार 2024 में भारत के लिए टी20 मैच खेला था और इस समय सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में असम की कप्तानी कर रहे हैं। उनकी हालिया फॉर्म और आक्रामक बल्लेबाजी शैली उन्हें संभावित मिडिल-ऑर्डर विकल्प बना सकती है।
सैमसन और जायसवाल पर भी नजर
हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शामिल हुए संजू सैमसन को सीमित अवसर मिले थे। वहीं यशस्वी जायसवाल उस दौरे में हिस्सा नहीं थे, लेकिन आईपीएल और हालिया घरेलू प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें टीम में जगह मिल सकती है।
यह भी पढ़ेंः World Cup में भारत की तूफानी शुरुआत! नामीबिया 13-0 से चित
टी20 सीरीज: भारत vs दक्षिण अफ्रीका: मैच शेड्यूल
| मैच नंबर | तारीख | स्थान / स्टेडियम |
|---|---|---|
| पहला मैच | 9 दिसंबर | कटक |
| दूसरा मैच | 11 दिसंबर | चंडीगढ़ |
| तीसरा मैच | 14 दिसंबर | धर्मशाला |
| चौथा मैच | 17 दिसंबर | लखनऊ |
| पाँचवाँ (अंतिम) मैच | 19 दिसंबर | अहमदाबाद |
टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के रूप में देखी जा रही इस सीरीज में भारतीय चयन समिति संतुलित और युवा टीम उतारने की कोशिश कर रही है। अब सभी की निगाहें इस बात पर होंगी कि गिल फिट होकर लौटते हैं या नहीं-क्योंकि उनका उपलब्ध होना टीम संयोजन को काफी प्रभावित करेगा।



