अब नशामुक्ति का हल सरकारी नीतियों के साथ-साथ आध्यात्म में खोजा जा रहा है। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने नशा मुक्ति के लिए नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ पहल शुरू की है। दरअसल खेल मंत्रालय 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक सेवा पखवाड़ा मना रहा है जिसका समापन गांधी जयंती पर होगा। वर्तमान सेवा पखवाड़े के तहत 21 सितंबर 2025 को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के तहत सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। ये सम्मेलन 2000 से अधिक स्थानों पर किए जा रहे हैं।
कई बड़े संस्थान हैं अभियान में शामिल
इस अभियान का नेतृत्व देश के बड़े आध्यात्मिक संगठन कर रहे हैं। 1700 से अधिक स्थानों पर 20 प्रमुख संगठन और 270 से अधिक स्थानों पर 42 अन्य संगठन सक्रिय रूप से कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। ईशा फाउंडेशन, इस्कॉन, हार्टफुलनेस, चिन्मय मिशन, ब्रह्मकुमारी, माता अमृतानंदमयी मठ, पतंजलि, अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद, चिश्ती फाउंडेशन, नामधारी सिख संगत, सूफी इस्लामिक बोर्ड और अणुव्रत जैसे नामी संगठन शामिल हैं।
इसको भी पढ़ें: लद्दाख की दुर्गम घाटियों को सुगम बनाता BRO
कई सोशल मीडिया संगठन भी भागीदार
इस कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और डिजिटल क्रिएटर पुरस्कार विजेताओं ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर वीडियो बाइट्स और पोस्ट के ज़रिए इस पहल का समर्थन किया है। साझा हैशटैग #NashaMuktYuva और #MYBharat के तहत एक एकीकृत पहुंच सुनिश्चित की गई।




