नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में सोमवार को अचानक मौसम ने करवट ली और बारिश शुरू हो गई। भारतीय मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
मौसम विभाग की ताजा चेतावनी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश के साथ-साथ तेज गरज और बिजली चमकने की संभावना है।
विभाग ने मध्यम धूल भरी आंधी चलने और हवाओं की गति 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान जताया है। यह ऑरेंज अलर्ट शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगा।
इससे पहले आज दिन में आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर समेत भारत के कई हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया था, जिसमें तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश की चेतावनी दी गई थी।



