नई दिल्ली। दिल्ली में गहराते ईंधन संकट के बीच निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सोमवार, 18 मई से राजधानी और एनसीआर में मेट्रो के फेरे (ट्रेन ट्रिप्स) बढ़ाने का फैसला किया है।
इस नई योजना के मुताबिक, दिल्ली मेट्रो हर सोमवार को पटरियों पर 6 अतिरिक्त ट्रेनें उतारेगी। इन अतिरिक्त ट्रेनों की मदद से मेट्रो रोजाना के मुकाबले 24 ज्यादा चक्कर लगाएगी, जिससे नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास
मेट्रो प्रशासन के अनुसार सप्ताह के पहले कामकाजी दिन यानी सोमवार को दफ्तरों और काम के लिए निकलने वाले लोगों की भारी भीड़ होती है। इसी दबाव को ध्यान में रखते हुए फिलहाल इस अतिरिक्त सेवा की शुरुआत सोमवार से की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि आने वाले दिनों में यात्रियों की मांग और बढ़ती है, तो हफ्ते के बाकी दिनों में भी मेट्रो की ऐसी ही अतिरिक्त सेवाएं जोड़ी जा सकती हैं।
भीड़ से निपटने के लिए तगड़े इंतजाम
मेट्रो के फेरे बढ़ने से स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या में भी भारी इजाफा होने की उम्मीद है। इस बढ़ते दबाव को संभालने के लिए दिल्ली मेट्रो ने सुरक्षा और सुविधा के खास इंतजाम किए हैं।
चाक-चौबंद प्रबंध
फेरों की संख्या बढ़ने से रेल स्टेशनों पर यात्रियों के दबाव में भारी उछाल आने की संभावना है। इस स्थिति से निपटने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण और सघन जांच के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया जाएगा। यात्रियों को टिकट खरीदने और प्रवेश-निकास द्वारों पर किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।



