नई दिल्ली: तेलंगाना का राज्य गीत ‘जय जय हे तेलंगाना‘ लिखने वाले कवि आन्दे श्री का आज सुबह 64 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुःख प्रकट किया है। प्रधानमंत्री ने कहा आंदे श्री के निधन से हमारे सांस्कृतिक और बौद्धिक परिदृश्य में एक गहरी रिक्तता उत्पन्न हो गई है। उनके विचार तेलंगाना की आत्मा को प्रतिबिंबित करते थे। प्रखर कवि और विचारक होने के नाते, वे लोगों की आवाज़ थे और उनके संघर्षों, आकांक्षाओं और अमर भावना को व्यक्त करते थे।
दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत
आन्दे श्री के परिजनों के अनुसार, उनके निधन की वजह दिल का दौरा पड़ना बताया जा रहा है। 2 दिन पहले आन्दे की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। परिजनों का कहना है कि आन्दे सुबह अपने घर में जमीन पर गिरे मिले। आनन-फानन में उन्हें गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
इसको भी पढ़ें: यूपी के सभी स्कूलों में अनिवार्य होगा वंदे मातरम्
तेलंगाना का राज्यगीत लिखा
आन्दे श्री का पूरा नाम आन्दे येल्लैया था। इनका जन्म 1961 में सिद्दीपेट जिले के रेबर्थी गाँव में हुआ था। 2023 में तेलंगाना में रेवंत रेड्डी की सरकार ने आन्दे श्री के द्वारा लिखे गए गाने ‘जय जय हे तेलंगाना’ को राज्यगीत घोषित कर दिया गया था। तेलंगाना को अलग राज्य का दर्जा दिलाने में भी उन्होंने अहम योगदान दिया था। हाल ही में, तेलंगाना राज्य सरकार ने राज्य स्थापना दिवस समारोह के दौरान उन्हें एक करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार से भी सम्मानित किया था।



