चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में ‘सिंघम’ के नाम से मशहूर और राज्य के पूर्व भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी ने 23 अप्रैल को होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए अपने सभी 27 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है, लेकिन इस लिस्ट में अन्नामलाई का नाम शामिल नहीं है।
दिग्गजों को मिला मौका, अन्नामलाई नदारद
भाजपा द्वारा जारी सूची में पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन (मायलापुर), वनथी श्रीनिवासन (कोयंबटूर उत्तर) और केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन (अविनाशी) जैसे बड़े चेहरों को चुनावी मैदान में उतारा गया है। हालांकि, कभी तमिलनाडु में भाजपा का सबसे आक्रामक चेहरा रहे अन्नामलाई इस बार चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।
खुद पीछे हटे या नेतृत्व ने किया किनारा?
पिछले महीने अन्नामलाई ने कोयंबटूर में कहा था कि उन्होंने खुद पार्टी नेतृत्व से चुनाव न लड़ने का अनुरोध किया है ताकि वह कार्यकर्ताओं को मजबूत करने पर ध्यान दे सकें। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स कुछ और ही कहानी बयां करती हैं। चर्चा है कि गठबंधन की सहयोगी एआईएडीएमके ने उन्हें पल्लडम सीट की पेशकश की थी, लेकिन अन्नामलाई सिंगानल्लूर या कौंडमपलयम से चुनाव लड़ना चाहते थे। सीटों के इस गणित और पार्टी के भीतर बदलते समीकरणों के कारण वह लिस्ट से बाहर हो गए।
अन्नामलाई का अब तक का सफर
- 2020: IPS की नौकरी छोड़ भाजपा में शामिल हुए।
- 2021: चुनाव लड़ा लेकिन हार गए। बाद में उन्हें राज्य इकाई का अध्यक्ष बनाया गया।
- 2024: लोकसभा चुनाव में अन्नामलाई के नेतृत्व में भाजपा-एनडीए गठबंधन राज्य में एक भी सीट नहीं जीत सका।
- 2025: AIADMK के साथ गठबंधन को दोबारा पटरी पर लाने के लिए उन्होंने अध्यक्ष पद छोड़ दिया था।
क्या होगी अगली भूमिका?
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व अन्नामलाई को राष्ट्रीय राजनीति में कोई बड़ी जिम्मेदारी दे सकता है। गृह मंत्री अमित शाह कई मौकों पर अन्नामलाई के संगठनात्मक कौशल की तारीफ कर चुके हैं। जनवरी 2026 में मुंबई नगर निगम चुनावों के दौरान भी अन्नामलाई भाजपा के लिए बड़े भीड़ खींचने वाले नेता के रूप में उभरे थे।
तमिलनाडु चुनाव 2026: गठबंधन का गणित
तमिलनाडु की 234 सीटों पर 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा। एनडीए गठबंधन में सीटों का बंटवारा इस प्रकार है:
- AIADMK: 169 सीटें
- BJP: 27 सीटें
- PMK: 18 सीटें
- AMMK: 11 सीटें
- अन्य: 9 सीटें
नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे।



