नई दिल्ली: भारत और आसियान देशों के बीच सांस्कृतिक एवं पर्यटन संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2025 को “आसियान-भारत पर्यटन वर्ष” घोषित किया है। इस घोषणा का मुख्य उद्देश्य पर्यटन को लोगों के बीच आपसी जुड़ाव, साझा समृद्धि और भारत-आसियान मित्रता का माध्यम बनाना है।
इस अभियान के तहत भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने वियतनाम में आयोजित इंटरनेशनल टूरिज़्म एक्सपो (ITE) वियतनाम 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व किया। यह आयोजन 4 से 6 सितंबर तक सैगॉन एक्ज़िबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (SECC), हो ची मिन्ह सिटी में हुआ, जिसमें आईआरसीटीसी के डायरेक्टर राहुल हिमालयन और कई दूसरे प्रतिनिधियों में हिस्सा लिया।
आकर्षण का केंद्र बना आसियान-भारत पैवेलियन
आईआरसीटीसी के डायरेक्टर राहुल हिमालयन के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने विशेष आसियान-भारत पैवेलियन स्थापित किया। इसमें भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, योग-आध्यात्मिक और वेलनेस पैकेज, प्राकृतिक पर्यटन स्थलों और लक्ज़री ट्रेनों का प्रदर्शन किया गया। महाराजा एक्सप्रेस, गोल्डन चैरीअट और बौद्ध सर्किट एसी ट्रेन आगंतुकों के लिए प्रमुख आकर्षण रही। भारतीय पैवेलियन का उद्घाटन हो ची मिन्ह सिटी में भारत के महावाणिज्यदूत विप्र पांडेय ने किया। इसके साथ ही आसियान देशों की पर्यटन झलकियाँ भी प्रदर्शित की गईं।
थाईलैंड में भी दिखा असर
आसियान-भारत पर्यटन वर्ष की तैयारियों के तहत आईआरसीटीसी ने विदेश मंत्रालय के सहयोग से पाटा ट्रैवल मार्ट 2025 (बैंकॉक) में भी भारत-आसियान सांस्कृतिक सहयोग को नई दिशा दी। इसका उद्घाटन थाईलैंड में भारत के राजदूत नागेश सिंह ने किया। इसके अलावा, 28 अगस्त 2025 को थाईलैंड में एक रोड शो भी आयोजित किया गया, जिसमें पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधियों ने भाग लिया और यह कार्यक्रम कार्यक्रम सफल रहा।
कारोबारी साझेदारी को नया मंच
आईटीई वियतनाम में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ राज्य पर्यटन बोर्ड, प्रमुख ट्रैवल एजेंसियां और आसियान देशों के नीति निर्माता जुड़े। आईआरसीटीसी ने न केवल पैवेलियन की स्थापना की बल्कि पूरे प्रतिनिधिमंडल की लॉजिस्टिक्स व्यवस्था भी संभाली। साथ ही हो ची मिन्ह सिटी में आयोजित आसियान-भारत पर्यटन रोड शो के दौरान स्थानीय ट्रैवल एजेंटों और टूर ऑपरेटरों के साथ सीधा संवाद हुआ। इससे नए कारोबारी साझेदारी के अवसर तलाशे गए।
इसको भी पढ़ें: 4 ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराएगी भारत गौरव ट्रेन
भारत-आसियान पर्यटन सहयोग का नया अध्याय
प्रधानमंत्री की इस घोषणा और आईआरसीटीसी की सक्रियता ने भारत को एक वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। हो ची मिन्ह सिटी में आयोजित पैवेलियन और रोड शो ने भारत-आसियान संबंधों को नई मजबूती दी है। यह पहल न केवल सांस्कृतिक और पर्यटन सहयोग को बढ़ाती है बल्कि सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) की दिशा में भी योगदान देती है। आने वाले समय में भारत और आसियान देश मिलकर क्षेत्रीय संपर्क, विश्वास और साझा विकास को और सशक्त बनाए।



