मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री तारा सुतारिया और उद्योगपति वीर पहाड़िया के रिश्ते को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों ने करीब एक साल तक डेटिंग करने के बाद आपसी सहमति से अलग होने का फैसला कर लिया है। हालांकि, इस खबर की आधिकारिक पुष्टि अब तक दोनों में से किसी ने नहीं की है।

फिल्मफेयर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, तारा और वीर ने चुपचाप अपने रास्ते अलग कर लिए हैं और उनके अलग होने की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। यह खबर ऐसे समय पर आई है जब कुछ ही हफ्ते पहले दोनों ने सार्वजनिक तौर पर एक-दूसरे का समर्थन किया था।
एपी ढिल्लों कॉन्सर्ट विवाद के बाद बढ़ी अटकलें
बताया जा रहा है कि यह ब्रेकअप एपी ढिल्लों के मुंबई कॉन्सर्ट के बाद सुर्खियों में आया। इस कॉन्सर्ट में तारा सुतारिया की स्टेज पर मौजूदगी और एपी ढिल्लों के साथ उनकी केमिस्ट्री को दर्शकों ने काफी सराहा। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए, जिनमें वीर पहाड़िया को भीड़ में असहज और परेशान नजर आने का दावा किया गया।
हालांकि, बाद में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरी द्वारा शेयर किए गए एक अनएडिटेड वीडियो में वीर, तारा और एपी ढिल्लों के लिए तालियां बजाते नजर आए। इस वीडियो को रीपोस्ट करते हुए वीर ने लिखा था, “सच हमेशा जीतता है (जो मीडिया कभी नहीं दिखाएगा)।”
पेड पीआर के आरोप और तारा का बयान
इसके बाद तारा सुतारिया ने सोशल मीडिया पर अपने और वीर के खिलाफ चलाए जा रहे कथित पेड पीआर अभियानों का खुलासा किया। एक इन्फ्लुएंसर द्वारा साझा की गई पोस्ट को री-शेयर करते हुए तारा ने आरोप लगाया कि उन्हें बदनाम करने के लिए झूठे और आपत्तिजनक कंटेंट फैलाए जा रहे हैं। उन्होंने इसे “शर्मनाक” करार दिया।
जुलाई 2025 में हुआ था रिश्ते का खुलासा
तारा और वीर ने जुलाई 2025 के आसपास अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। तारा द्वारा एपी ढिल्लों के गाने ‘थोड़ी सी दारू’ से जुड़ी एक तस्वीर साझा करने के बाद वीर ने उस पर “My” लिखकर कमेंट किया था, जिसके जवाब में तारा ने “Mine” लिखा। इसके बाद दोनों को कई रेड कार्पेट इवेंट्स, फैशन शोज़ और छुट्टियों के दौरान एक साथ देखा गया।
फिलहाल, दोनों की ओर से ब्रेकअप को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में इस रिश्ते को लेकर क्या सच्चाई सामने आती है।



