हैदराबाद: ‘नेशनल क्रश’ के नाम से मशहूर अभिनेत्री रश्मिका मंदाना के लिए उनका 30वां जन्मदिन खुशियों की नई सौगात लेकर आया है। 5 अप्रैल को अपने गृहनगर विराजपेट में परिवार और करीबियों के साथ अपना जन्मदिन मना रही रश्मिका को उनके पिता ने एक ऐसा सरप्राइज दिया कि अभिनेत्री की आंखें नम हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रश्मिका के पिता ने उन्हें विराजपेट के पास एक बेहद खूबसूरत और आलीशान बंगला उपहार में दिया है, जिसका नाम ‘सेरेनिटी’ रखा गया है।
यह जन्मदिन रश्मिका के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि शादी के बाद यह उनका पहला बर्थडे था। बता दें कि रश्मिका मंदाना ने इसी साल 26 फरवरी को उदयपुर में अभिनेता विजय देवरकोंडा के साथ एक निजी समारोह में शादी रचाई थी। शादी के बाद अपने मायके में आयोजित इस विशेष समारोह में रश्मिका पारंपरिक ‘कोडावा’ लिबास में नजर आईं, जो उनकी जड़ों और संस्कृति के प्रति उनके प्रेम को दर्शाता है।
भावुक हुई ‘पुष्पा’ स्टार
जब रश्मिका के पिता ने इस भव्य बंगले की घोषणा की, तो अभिनेत्री अपने आंसू नहीं रोक पाई। ‘सेरेनिटी’ का अर्थ होता है ‘शांति’, और यह बंगला रश्मिका के लिए उनके पिता की ओर से सबसे बड़ा आशीर्वाद माना जा रहा है। समारोह के दौरान रश्मिका के परिवार ने न केवल जश्न मनाया, बल्कि गांव वालों के लिए भोजन की व्यवस्था की और मेधावी छात्रों के लिए छात्रवृत्ति की भी घोषणा की।
शादी के बाद पहली बार दिखेंगे विजय-रश्मिका
शादी के बाद रश्मिका और विजय देवरकोंडा के फैंस के लिए भी एक खुशखबरी है। ‘गीता गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ जैसी हिट फिल्में देने वाली यह रियल लाइफ जोड़ी अब राहुल सांकृत्यान के निर्देशन में बनने वाली फिल्म ‘रणबाली’ में एक बार फिर साथ नजर आएगी। इसके अलावा, रश्मिका जल्द ही शाहिद कपूर और कृति सेनन के साथ फिल्म ‘कॉकटेल 2’ में भी दिखाई देंगी।
फिलहाल, रश्मिका अपने इस नए घर ‘सेरेनिटी’ और शादीशुदा जिंदगी के साथ-साथ अपने करियर के सबसे सफल दौर का लुत्फ उठा रही हैं।



