मुंबई : ‘कुंभ मेला गर्ल’ के नाम से मशहूर मोनालिसा भोसले और उनके अभिनेता पति फरमान खान ने अपनी जान को खतरा बताते हुए प्रशासन से गुहार लगाई है। अपनी अंतरधार्मिक शादी को लेकर सोशल मीडिया पर ‘लव जिहाद’ जैसे आरोपों और भारी विरोध का सामना कर रहे इस जोड़े ने शुक्रवार को एक वीडियो संदेश और पत्र जारी कर मुख्यमंत्री और पुलिस कमिश्नर से सुरक्षा की मांग की है।

वीडियो में छलका दर्द
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में मोनालिसा और फरमान भावुक नजर आ रहे हैं। मोनालिसा ने कहा, “मैं यह वीडियो एक पत्र के साथ सभी को मेल कर रही हूं, कृपया हमारी मदद करें। हमें खुलेआम मारने और काटने की धमकियां दी जा रही हैं।” उन्होंने बताया कि यह पत्र मुख्यमंत्री कार्यालय, पुलिस कमिश्नर और मीडिया संस्थानों को भेजा गया है ताकि समय रहते हस्तक्षेप किया जा सके।
विवाद की जड़: ‘कुंभ गर्ल’ की शादी और ‘लव जिहाद’ का टैग
मोनालिसा भोसले तब चर्चा में आई थीं जब कुंभ मेले के दौरान उनकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं, जिसके बाद उन्हें ‘कुंभ मेला गर्ल’ का खिताब मिला। हाल ही में उन्होंने अभिनेता फरमान खान के साथ विवाह किया है। अलग-अलग धर्मों से होने के कारण इस विवाह को लेकर कट्टरपंथी समूहों और कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने कड़ी आपत्ति जताई है। कई लोगों ने इसे ‘लव जिहाद’ का मामला बताते हुए इस जोड़े को निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
कानूनी और सुरक्षा संबंधी मांग
मोनालिसा का दावा है कि उनके निजी जीवन में दखलअंदाजी बढ़ गई है और उन्हें डर है कि उनके साथ कोई अनहोनी हो सकती है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की है कि वे इन धमकियों का संज्ञान लें और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
अभी तक पुलिस की ओर से इस मामले में एफआईआर दर्ज होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि पुलिस वायरल वीडियो और मिली शिकायतों की जांच कर रही है।



