मुंबई: हाल ही में स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना ने अपने स्पेशल शो ‘स्टिल अलाइव’ में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन पर एक विवादित जोक मारा था। इस जोक के बाद सोशल मीडिया पर एक नई बहस छिड़ गई थी और एक्टर एजाज खान ने भी समय रैना की कड़ी आलोचना की थी। अब इस पूरे घटनाक्रम के बीच अमिताभ बच्चन ने अपने ताजा ब्लॉग में ‘इंटरनेट के तूफान’ और ‘सच’ को लेकर कुछ ऐसी बातें लिखी हैं, जिसे फैंस सीधे तौर पर समय रैना विवाद से जोड़कर देख रहे हैं।
मन की व्याकुलता
83 वर्षीय बिग बी अपने अनुशासन के लिए जाने जाते हैं और वह रोजाना अपने ब्लॉग के जरिए फैंस से संवाद करते हैं। 11 अप्रैल की सुबह अपने ब्लॉग में उन्होंने मन की व्याकुलता और डिजिटल दुनिया के शोर पर गहराई से बात की। उन्होंने लिखा कि हर दिन नए विचार और कल्पनाएं आती हैं, लेकिन इंटरनेट का प्रभाव इतना प्रबल है कि वह व्यक्ति को भ्रमित कर देता है।
अमिताभ बच्चन ने किया पोस्ट
अमिताभ बच्चन ने अपने पोस्ट में लिखा, “इंटरनेट का तूफान इतना तेज चलता है कि आपका ध्यान इतने सारे पहलुओं की ओर खींच लेता है कि यह तय करना बहुत मुश्किल हो जाता है कि ‘असली बात’ क्या है और सच क्या है।”
उनके इस बयान को समय रैना द्वारा किए गए रोस्ट और उसके बाद सोशल मीडिया पर मचे बवाल के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। बिग बी ने यह संकेत दिया है कि इंटरनेट की दुनिया में सच और झूठ के बीच का अंतर धुंधला होता जा रहा है।

एंग्जाइटी पर की चर्चा
ब्लॉग के अगले हिस्से में उन्होंने एंग्जाइटी और विचारों के संतुलन पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि कैसे मन लगातार उन कामों की याद दिलाता रहता है जो अधूरे हैं। हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर समय रैना का नाम नहीं लिया, लेकिन ‘इंटरनेट के तूफान’ का जिक्र करना यह बताने के लिए काफी है कि वह डिजिटल दुनिया में चल रही हलचलों से पूरी तरह वाकिफ हैं। उनके लिए यह ‘समय की एक दिलचस्प कहानी’ जैसा है, जिसे वह धैर्य के साथ देख रहे हैं।



