नई दिल्ली: दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने 27 जुलाई 2024 में ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित RAU’s IAS Study Circle में हुई त्रासदी पर सख्त कदम उठाए हैं। एलजी सक्सेना ने दिल्ली सरकार के फायर सेफ्टी डिपार्टमेंट के दो ग्रुप ‘ए’ अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई को मंजूरी दे दी है। अग्नि सुरक्षा विभाग के मंडल अधिकारी (Divisional Officer) वेदपाल और सहायक मंडल अधिकारी (Astt. Divisional Officer) उदयवीर सिंह को पिछले साल, दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित राउ कोचिंग सेंटर (Rau’s Coaching Centre) के बेसमेंट की लाइब्रेरी में तीन छात्रों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत के मामले में निलंबित कर दिया गया था।
फायर सेफ्टी डिपार्टमेंट के अधिकारी वेदपाल और उदयवीर सिंह ने फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट जारी करने के लिए 1 जुलाई 2024 को परिसर का निरीक्षण किया था और बेसमेंट को अवैध रूप से सिटिंग रूम /लाइब्रेरी के रूप में उपयोग करने की अनुमति दी थी। इन दोनों अधिकारियों को, बेसमेंट को लाइब्रेरी के रूप में उपयोग में लाने के तथ्य को छिपाने और बेसमेंट का लाइब्रेरी के रूप में दुरुपयोग करने के मामले को उजागर करने में विफल रहने का जिम्मेदार पाया गया है। उनकी गलत अनुशंसा के आधार पर, 9 जुलाई 2024 को इस सेंटर को डीएफएस द्वारा फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट जारी किया गया था।
पिछले साल एलजी ने दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया था
पिछले साल जिला मजिस्ट्रेट की जांच के बाद, उपराज्यपाल ने दोनों फायर सेफ्टी अधिकारियों को निलंबित कर दिया था। अब उपराज्यपाल ने सीसीएस (सीसीए) नियम 1965 के नियम-14 के साथ, नियम-18 के तहत उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई को मंजूरी दे दी है। सक्सेना ने सतर्कता निदेशालय को तत्काल अनुशासनात्मक कार्यवाही पूरी करने के लिए निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है। उपराज्यपाल के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के बाद से ही, सक्सेना ने काम में लापरवाही बरतने तथा भ्रष्टाचार के मामलों में संलिप्त दोषी व्यक्तियों को बहुत गंभीरता से लिया है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की सिफारिश की है। मालूम हो कि 27 जुलाई 2024 को, दिल्ली के RAU’s IAS Study Circle, 118 Old Rajender Nagar के बेसमेंट में भारी बारिश के कारण कुछ ही मिनटों में पानी भर गया था, जिसके परिणामस्वरूप लाइब्रेरी में फंसे तीन युवा छात्रों की मौत हो गई थी।



