झालावाड़: राजस्थान के झालावाड़ जिले के मनोहर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हआ। पीपलोदी गांव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की छत अचानक भरभरा कर गिर गई। हादसे के समय चीख-पुकार मच गई। गांव के लोग दौड़कर स्कूल पहुंचे और मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकालने में मदद की। हादसे के वक्त कक्षा में 35 बच्चे मौजूद थे। सभी मलबे में के नीचे दब गए। टीचर को भी इसमें चोट लगी है, हालांकि उन्हें एडमिट नहीं कराया गया।
हादसे में 7 बच्चों की मौत हो गई है, जबकि 25 का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसमें चार बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो बच्चों की अकलेरा अस्पताल तथा एक बालिका की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हादसे में भाई-बहन की भी दर्दनाक मौत हो गई।
छोटू लाल के पुत्र कान्हा की अकलेरा व 13 वर्षीय बालिका मीना बाई की जिला अस्पताल में मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ने झालावाड़ हादसे पर दुख जताया है।
जानकारी के अनुसार, बच्चे स्कूल पहुंचने के बाद प्रार्थना के लिए जा रहे थे, तभी स्कूल भवन का एक कमरा अचानक गिर गया। छत गिरने से बच्चे दब गए, जिन्हें ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ की मदद से बाहर निकाला गया। दांगीपुरा थाना प्रभारी विजेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी बच्चों को मलबे से सुरक्षित निकाल लिया गया है। जिला प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य तेज शुरू कराया।
पुलिस उपाधीक्षक मनोहर थाना कैलाश चंद ने पुष्टि की है कि बच्चों की जान गई है। हादसे के बाद स्कूल में पढ़ने वाले एक छात्र ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले छत से प्लास्टर झड़ रहे थे। बच्चों ने यह बात टीचर्स को भी बताई, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया। कुछ ही मिनटों बाद छत ढह गई।
The mishap at a school in Jhalawar, Rajasthan, is tragic and deeply saddening. My thoughts are with the affected students and their families in this difficult hour. Praying for the speedy recovery of the injured. Authorities are providing all possible assistance to those…
— PMO India (@PMOIndia) July 25, 2025
उच्च स्तरीय जांच के आदेश
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पिपलोदी गांव के स्कूल से दुखद घटना के समाचार मिला। इसे लेकर जिला कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रकार की व्यवस्था की जाए। सभी बच्चों का इलाज सरकारी खर्चे पर हो और किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आए। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी कि वास्तव में ये दुर्घटना क्यों हुई, क्यों छत गिरी।
पीएम ने जताई संवेदना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर शोक जताते हुए सोशल मीडिया X पर कहा राजस्थान के झालावाड़ में एक स्कूल में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद और दिल को झकझोर देने वाली है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने इस मुश्किल वक्त में पीड़ित छात्रों और उनके परिवारों के साथ संवेदना जताई है। साथ ही घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की है।
ग्रामीणों का आक्रोश, जाम लगाया
झालावाड़ जिले के मनोहर थाना क्षेत्र में पीपलोदी स्कूल भवन गिरने से हुई बच्चों की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। घटना से नाराज गांव वालों ने शुक्रवार को गुराड़ी चौराहे पर यातायात जाम कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से मृतकों और घायलों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। साथ ही क्षेत्र के सभी जर्जर विद्यालय भवनों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हादसा प्रशासन की लापरवाही से हुआ है। क्षेत्र में कई ऐसे सरकारी विद्यालय हैं जिनकी इमारतें जर्जर हालत में हैं और वे गिरने की कगार पर हैं। मरम्मत के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।



