नालंदा: बिहार के नालंदा पुलिस में विधानसभा चुनाव से पहले अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने सोहसराय थाना क्षेत्र में चल रही एक मिनी गन फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए अवैध हथियार बनाते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मंसूरनगर, छोटी पहाड़ी निवासी दिलीप मिस्त्री अपने घर में अवैध हथियार बनाने का काम करता है। सूचना के सत्यापन के बाद सोहसराय थाना पुलिस और सीआरपीएफ 541 बटालियन की संयुक्त टीम छापेमारी की।
मौके से पिता-पुत्र की गिरफ्तारी
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दिलीप मिस्त्री और उसके बेटे आदित्य कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। घर की तलाशी में पुलिस को एक बना हुआ देसी कट्टा, .315 बोर के दो अधबने कट्टे, तीन अर्द्धनिर्मित बैरल और 5,950 रुपये की नकदी बरामद की है। हथियार बनाने के दर्जनों उपकरण और मशीनें, जिनमें ग्राइंडर, वेल्डिंग मशीन, कटर मशीन, आरी, रेती, स्प्रिंग, लोहे की चादरें और कट्टा बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई अन्य औजार शामिल हैं।
डीएसपी का बयान
सदर डीएसपी नूरुल हक़, बिहारशरीफ ने बताया कि गिरफ्तार पिता-पुत्र ने पूछताछ में यह स्वीकार किया है कि वे लंबे समय से घर में ही अवैध हथियार बनाकर बेच रहे थे। डीएसपी ने यह भी कहा कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को देखते हुए इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह सफलता मिली है।
यह भी पढ़ेंः वन-वे सड़क पर ट्रकों का कब्जा, राहगीरों को परेशानी
इस संबंध में सोहसराय थाना में केस दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तार पिता-पुत्र से पूछताछ की जा रही है, ताकि उनके पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों को भी पकड़ा जा सके।



