राज्य चुनाव आयोग राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली, निगम भवन, कश्मीरी गेट, दिल्ली ने एमसीडी के 12 वार्डों में उप-चुनावों के कार्यक्रम का ऐलान किया है। दिल्ली नगर निगम के उपचुराव के लिए मतदान 30 नवंबर 2025 रविवार को होगा जबकि मतगणना 3 दिसंबर 2025 बुधवार को होगी। इन उपचुनावों के जरिए नगर निगम में खाली पड़ी 12 सीटों को भरा जाएगा।
निगम भवन, कश्मीरी गेट, दिल्ली के अनुसार, जिन वार्डों में उपचुनाव होंगे वे हैं मुंडका, शालीमार बाग-बी (महिला), अशोक विहार, चांदनी चौक, चांदनी महल, द्वारका-बी, दीपांशु कलां, नारायणा, संगम विहार-ए, दक्षिण पुरी (अनुसूचित जाति), ग्रेटर कैलाश (महिला) और विनोद नगर. इनमें से तीन वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं जबकि एक अनुसूचित जाति वर्ग के लिए अरक्षित हैं।
दिल्ली नगर निगम उप-चुनाव का ऐलान! 🗳️
— NewG (@newGindia) October 28, 2025
राज्य चुनाव आयोग, दिल्ली ने MCD के 12 वार्डों में उप-चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा की।
➡️ मतदान: 30 नवंबर 2025 (सुबह 07:30 से शाम 05:30 बजे तक) ➡️ नतीजे: 3 दिसंबर 2025
पूरी चुनाव प्रक्रिया 10 दिसंबर तक पूरी कर ली जाएगी।#DelhiMCD pic.twitter.com/3B48o7UEAr
निगम भवन, कश्मीरी गेट, दिल्ली के कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन की प्रक्रिया 3 नवंबर सोमवार से शुरू होगी और 10 नवंबर सोमवार तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 12 नवंबर (बुधवार) को होगी , जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 15 नवंबर (शनिवार) तय की गई है। मतदान 30 नवंबर को सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक बिना किसी विराम के होगा। चुनाव परिणाम 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे और पूरी प्रक्रिया 10 दिसंबर 2025 तक पूरी कर ली जाएगी।
इन उपचुनावों को लेकर राज्य चुनाव आयोग ने जिला चुनाव अधिकारियों को तैयारी शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं। मतदान केंद्रों को ग्राउंड फ्लोर पर रखने और प्रत्येक केंद्र पर मतदाताओं की सीमा तय करने का आदेश भी दिया गया है। आयोग का कहना है कि इस बार सभी मतदान केंद्रों की सूची ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी ताकि जनता अपने सुझाव और आपत्तियां दे सके।



