नई दिल्ली: छठ पूजा से पहले दिल्ली भाजपा ने यमुना तट के सभी प्राकृतिक और कृत्रिम घाटों की सफाई के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने स्वयं झाड़ू उठाकर और महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह की उपस्थिति में सांकेतिक श्रमदान कर अभियान की शुरुआत की। यह कदम न केवल सफाई सुनिश्चित करने का है, बल्कि छठ व्रतियों के बीच भाजपा की सक्रियता और जनसंपर्क को भी मजबूत करने की रणनीति है। यह मुहिम चार दिन तक चलेगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सवदेवा ने यमुना घाट की सफाई की
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मंगलवार को महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह की मौजूदगी में यमुना तट पर पहुंचकर स्वयं श्रमदान किया और अभियान की सांकेतिक शुरुआत की। इस मौके पर सचदेवा ने कहा हमने दिल्ली नगर निगम को सभी छठ घाटों की सफाई के लिए चार दिन तक साफ-सफाई अभियान शुरू करने का निर्देश दिया है। आज दिल्ली में मौजूद सभी भाजपा सांसद, विधायक और पार्षद घाटों पर सांकेतिक श्रमदान कर निगम कर्मियों का मनोबल बढ़ा रहे हैं। यह अभियान सिर्फ सफाई का नहीं, बल्कि छठ मइय्या के भक्तों के प्रति हमारी संवेदनशीलता का भी प्रतीक है।”
मनोज तिवारी ने कश्मीरी गेट घाट पर श्रमदान किया
इस अभियान के तहत यमुना के दोनों किनारों पर बने प्राकृतिक और कृत्रिम घाटों को चिह्नित कर विशेष सफाई टीमें तैनात की गई हैं। भाजपा नेताओं का दावा है कि 31 अक्टूबर तक सभी घाट पूर्ण रूप से स्वच्छ और सुरक्षित हो जाएंगे। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने भी कश्मीरी गेट घाट पर श्रमदान किया, जबकि कई पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाया।छठ पूजा 2 नवंबर से शुरू हो रही है। दिल्ली में करीब 1,000 से अधिक घाटों पर लाखों श्रद्धालु अर्घ्य देंगे। भाजपा का यह अभियान न केवल धार्मिक संवेदना को सम्मान दे रहा है, बल्कि आगामी एमसीडी चुनावों की जमीन भी तैयार कर रहा है।



