जयपुर, राजस्थान। जयपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर मनोहरपुर इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक बस हादसा हो गया। मजदूरों को ले जा रही एक बस हाईटेंशन बिजली की लाइन से टकरा गई, जिससे उसमें करंट फैल गया और भीषण आग लग गई। इस हादसे में उत्तर प्रदेश के रहने वाले तीन लोगों की मौत हो गई और 10 मजदूर झुलस गए।
सिलेंडर विस्फोट से मची अफरा-तफरी
जानकारी मिली है कि बस के ऊपर रखे कुछ सिलेंडर में से एक में विस्फोट होने से आग और ज्यादा भयानक हो गई। हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। जयपुर कलेक्टर जितेंद्र सोनी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी दी कि बस में लगभग 65 मजदूर सवार थे, जो सभी उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के रहने वाले थे। ये सभी मजदूर यहां मजदूरी के लिए टोडी स्थित ईंट भट्टे पर लाए जा रहे थे।
कलेक्टर ने बताया कि भट्टे पर पहुंचने से महज 300 मीटर पहले यह हादसा हो गया। मृतकों की पहचान नसीम (50) और सहीनम (20) के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
घायलों को जयपुर रेफर किया गया
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 5 लोगों को बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का स्थानीय स्तर पर इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ेंः आंध्र में चलती बस में लगी आग, 20 जिंदा जले
देश में 15 दिन में बस में आग की 5वीं घटना
यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना देश में बीते 14 दिनों में बस में आग लगने की पांचवीं बड़ी दुर्घटना है, जिसने बस यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
- 14 अक्टूबर: जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर चलती एसी स्लीपर बस में आग लगने से 27 यात्रियों की मौत हुई थी।
- 24 अक्टूबर: आंध्र प्रदेश के कुरनूल में एसी बस से बाइक टकराने के बाद आग लगने से 20 लोगों की मौत हो गई थी।
- 25 अक्टूबर: एमपी के अशोकनगर जिले में एक बस में आग लग गई थी। इस हादसे में पुलिसकर्मी और ड्राइवर की सूझबूझ से सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए थे।
- 26 अक्टूबर: यूपी के लखनऊ में आगरा एक्सप्रेस-वे पर चलती AC बस का टायर फटने के बाद उसमें आग लग गई थी, जिसमें सभी 70 यात्री बाल-बाल बचे थे।



