नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं के वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के परिणाम जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, परिणाम चरणबद्ध तरीके से घोषित किए जा रहे हैं और अब तक प्राप्त कुल आवेदनों में से 87 प्रतिशत से अधिक का निस्तारण किया जा चुका है। शेष आवेदनों के परिणाम भी जल्द जारी किए जाएंगे।
पारदर्शी प्रक्रिया के तहत हुआ मूल्यांकन
सीबीएसई ने बताया कि सभी आवेदनों को एक पारदर्शी, मजबूत और सावधानीपूर्वक निगरानी वाली प्रणाली के तहत प्रोसेस किया गया है, ताकि छात्रों को निष्पक्ष और सटीक परिणाम मिल सकें। बोर्ड का कहना है कि पूरी प्रक्रिया में गुणवत्ता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
अफवाहों से बचने की सलाह
बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे परिणामों से संबंधित किसी भी प्रकार की अफवाह या अपुष्ट सोशल मीडिया पोस्ट पर भरोसा न करें। छात्रों को केवल सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करने की सलाह दी गई है। साथ ही बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए सीबीएसई कार्यालय छात्रों के लिए उपलब्ध हैं।
देरी पर शिक्षा मंत्री ने दिया था आश्वासन
इससे पहले री-इवैल्यूएशन और वेरिफिकेशन परिणामों में हो रही देरी को लेकर कई छात्रों और अभिभावकों ने चिंता जताई थी। इस संबंध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा था कि मूल्यांकन प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और सीबीएसई यह सुनिश्चित कर रहा है कि students को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जल्द जारी होंगे शेष परिणाम
उन्होंने बताया था कि लगभग 17 लाख छात्रों में से 15.5 लाख से अधिक छात्रों के परिणाम पहले ही जारी किए जा चुके हैं। वहीं पुनर्मूल्यांकन और पुनर्सत्यापन के लिए आवेदन करने वाले छात्रों के मामलों का भी अधिकांश निस्तारण कर लिया गया है। शिक्षा मंत्री ने भरोसा दिलाया था कि शेष परिणाम जल्द प्रकाशित कर दिए जाएंगे।
शिक्षा मंत्री के आश्वासन के बाद सीबीएसई ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि 87 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का निस्तारण कर दिया गया है। बोर्ड ने कहा कि बाकी बचे री-इवैल्यूएशन और वेरिफिकेशन परिणाम भी जल्द जारी कर दिए जाएंगे, जिससे छात्रों की प्रतीक्षा समाप्त हो सकेगी।



