पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जन सुराज और महागठबंधन को बड़ा झटका लगा है। जन सुराज के प्रदेश प्रवक्ता सह वेंडर्स एसोसिएशन के राज्य समन्वयक डॉ. अमित कुमार पासवान, मानस भूमि विद्यालय सीनियर सेकेंडरी स्कूल की निदेशक सह पूर्व जिला पार्षद अनिता कुमारी और जन सुराज के संस्थापक सदस्य कर्मवीर कुशवाहा ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
इसके अलावा, भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित एक मिलन समारोह में जननायक लोक दल पार्टी ने भी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा-एनडीए को समर्थन देने की घोषणा की। अंबेडकर छात्रावास से आए आशुतोष पासवान, विकास कुमार, राहुल कुमार, टिंकू कुमार, नीतीश कुमार, कृष्णा पासवान, शिबू कुमार, तरुण कुमार और गौतम कुमार ने भी इस दौरान भाजपा की सदस्यता ली।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया स्वागत
भाजपा में शामिल हुए सभी लोगों का पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने स्वागत किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि महागठबंधन केवल ‘सत्ता की दुकानदारी’ चाहता है, जबकि एनडीए ‘विकसित बिहार’ का सपना पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़ेंः बड़हरा में RJD को बड़ी राहत, रघुपति यादव की ‘घर वापसी’ से बदला चुनावी समीकरण
महागठबंधन पर साधा निशाना
डॉ. जायसवाल ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि आज इस चुनाव में मतदाताओं के रुझान को देखते हुए जननायक लोक दल पार्टी ने भी भाजपा-एनडीए को समर्थन देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन आज ऐसी स्थिति में है कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को दलित समुदाय के लोगों को अपमानित करने की बात सोशल मीडिया में लिखनी पड़ रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि जनता यह समझ चुकी है कि जो गठबंधन आज सीट बंटवारा नहीं कर सकता, वह सरकार क्या चलाएगा? उन्होंने विश्वास जताया कि वर्तमान माहौल को देखते हुए यह स्पष्ट है कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने जा रही है।



