पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए 143 उम्मीदवारों की सूची सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी है। पार्टी के इस कदम ने महागठबंधन के भीतर सीटों के तालमेल पर जारी खींचतान को और बढ़ा दिया है, क्योंकि घटक दल कांग्रेस ने भी इसी बीच अपने 6 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है।
ब्रेकिंग न्यूज़! 🚨
— NewG (@newGindia) October 20, 2025
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए RJD (राष्ट्रीय जनता दल) ने 143 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी
🔹इस लिस्ट में RJD ने 24 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया#BiharElections | #RJD pic.twitter.com/VAam6qSoIi
तेजस्वी राघोपुर से, कई बड़े नाम शामिल
आरजेडी की इस सूची के अनुसार, पार्टी के नेता तेजस्वी यादव एक बार फिर अपनी पारंपरिक सीट राघोपुर (वैशाली) से चुनाव लड़ेंगे। तेजस्वी इससे पहले 2015 और 2020 में भी इस सीट से जीत हासिल कर चुके हैं।
खेसारी लाल को छपरा से टिकट
पार्टी ने कई अन्य प्रमुख उम्मीदवारों को भी मैदान में उतारा है, जिनमें बबलू कुशवाहा को कुरहनी से, प्रोफेसर चंद्र शेखर को मधेपुरा से, अवध बिहारी चौधरी को सिवान से, भोजपुरी फिल्मों के कलाकार खेसारी लाल को छपरा से, जबकि अजय कुशवाहा को वैशाली से टिकट दी है।
छह सीटों पर कांग्रेस-आरजेडी की ‘टक्कर’
आरजेडी की इस सूची में कम से कम छह विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस ने भी अपने प्रत्याशी उतारे हैं। इन सीटों में सिकंदरा, कहलगांव, सुल्तानगंज, लालगंज, वैशाली और वारिसलीगंज शामिल हैं, जिससे इन दो प्रमुख महागठबंधन दलों के बीच ‘फ्रेंडली फाइट’ की स्थिति बन गई है।
सीट बंटवारे पर नहीं बनी सहमति
243 सीटों वाली बिहार विधानसभा के लिए 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होना है और नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। पहले चरण में 121 और दूसरे चरण में 122 सीटों पर वोटिंग होगी।
महागठबंधन में सीट बंटवारे का फॉर्मूला अब तक अंतिम रूप नहीं ले पाया है। आरजेडी के अलावा कांग्रेस ने 6 उम्मीदवारों और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने भी 5 प्रत्याशियों की एक लिस्ट जारी की है। इन सभी दलों द्वारा अपने स्तर पर उम्मीदवारों की घोषणा करना, यह दर्शाता है कि गठबंधन में आंतरिक सहमति अभी भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।



