पटना: बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही पटना की सियासत गरमा गई है। राजधानी में एनडीए गठबंधन के शीर्ष नेताओं की हलचल लगातार तेज हो रही है। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बीती रात पटना भाजपा कार्यालय पहुंचे और देर रात तक पार्टी नेताओं के साथ मैराथन बैठक की।
सीट बंटवारे का फार्मूला लगभग तय
बैठक में सीट शेयरिंग और उम्मीदवार चयन को लेकर गहन चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक एनडीए में सीट बंटवारे का फार्मूला लगभग तय हो गया है:-
- जदयू – 110 सीटें
- भाजपा – 101 सीटें
- चिराग पासवान की पार्टी (एलजेपी-आर/सीपीआर) – 20 सीटें, साथ में 1 एमएलसी और 1 राज्यसभा सीट
- जीतन राम मांझी – 10 सीटें
- उपेंद्र कुशवाहा – 10 सीटें (यह संख्या 1–2 ऊपर-नीचे हो सकती है)
शाह का कार्यकर्ताओं को सख्त संदेश
अमित शाह ने बैठक में सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा-
- “भूल जाइए कि आप किस पद पर हैं, हर किसी को एक साधारण कार्यकर्ता की तरह चुनाव में जुटना है।”
- “उम्मीदवार कौन है, इससे फर्क नहीं पड़ना चाहिए, पूरा एनडीए मिलकर चुनाव लड़ रहा है।”
- “जाति-धर्म से ऊपर उठकर हर घर, हर महिला से संपर्क करें और चुनाव तक सिर्फ चुनाव पर ध्यान दें।”
मीटिंग में दिखी नाराजगी
बैठक के दौरान माहौल पूरी तरह सहज नहीं रहा। बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा मीटिंग खत्म होने से पहले ही बाहर निकल गए। मीडिया ने सवाल पूछने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कुछ भी बोलने से परहेज किया। सूत्र बताते हैं कि लखीसराय सीट को लेकर विवाद गहराया हुआ है। भाजपा के भीतर इस सीट पर कई दावेदार हैं, वहीं जदयू भी दावा ठोक रही है। माना जा रहा है कि यही वजह है कि विजय सिन्हा की नाराजगी बैठक के बीच में ही सामने आ गई।
गिरिराज सिंह को फोन पर बुलाया गया
बैठक के दौरान अमित शाह ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को भी फोन कर बुलाया। हालांकि गिरिराज सिंह ने भी मीडिया से कोई टिप्पणी नहीं की।
यह भी पढ़ें- कांग्रेस का चल रहा “दलित सटाओ अभियान”!, महिलाओं पर भी ध्यान
शाह के साथ सम्राट चौधरी
बैठक खत्म होने के बाद जब अमित शाह भाजपा कार्यालय से बाहर निकले तो उनके वाहन में बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी साथ नजर आए। इसके बाद होटल में नेताओं के बीच उम्मीदवारों की लिस्ट पर मंथन हुआ, किसका टिकट कटेगा और किसका बचेगा, इस पर गहन चर्चा चली।
कुल मिलाकर, इस बैठक में अमित शाह ने पार्टी नेताओं की क्लास लगाई और सख्त संदेश दिया कि व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर एनडीए को जीताना ही सभी का लक्ष्य होना चाहिए।



