नई दिल्ली। WhatsApp ने हाल ही में अपना नया Username फीचर पेश किया है, जिसके बाद यूजर्स के मन में सुरक्षा और साइबर फ्रॉड को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं। इसी बीच भारत सरकार ने भी WhatsApp को इस फीचर के रोलआउट पर फिलहाल रोक लगाने और स्पष्टीकरण देने के लिए नोटिस जारी किया है। इसके बाद कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यूजर्स की शंकाओं का जवाब देते हुए अहम जानकारियां साझा की हैं।
क्या Username बनाना जरूरी है?
नहीं। WhatsApp ने स्पष्ट किया है कि Username पूरी तरह वैकल्पिक होगा। यदि आप Username नहीं बनाते हैं, तब भी पहले की तरह अपने फोन नंबर से WhatsApp इस्तेमाल कर सकेंगे। Username केवल उन लोगों के लिए है जो अपना मोबाइल नंबर साझा किए बिना बातचीत करना चाहते हैं।
पसंदीदा Username नहीं मिल रहा, तो क्या करें?
यदि आपका मनपसंद Username उपलब्ध नहीं है, तो इसके कई कारण हो सकते हैं।
हो सकता है कि वह Username पहले से किसी अन्य यूजर ने ले लिया हो।
Instagram या Facebook पर मौजूद कुछ Username संबंधित अकाउंट्स के लिए रिजर्व हो सकते हैं।
सेलिब्रिटी, सरकारी हस्तियों और Meta Verified अकाउंट्स के Username पहले से सुरक्षित रखे गए हैं।
यदि आपका नाम आम है, तो आप WhatsApp के Username Generator की मदद से नया और यूनिक Username चुन सकते हैं।
अगर कोई आपके नाम से फर्जी अकाउंट बना ले तो?
WhatsApp का कहना है कि Username फीचर में सुरक्षा के कई स्तर जोड़े गए हैं। जब कोई पहली बार आपको संदेश भेजेगा, तो उसे आवश्यक सुरक्षा जानकारी दिखाई जाएगी। कंपनी ने यह भी कहा है कि फर्जी अकाउंट्स पर नजर रखने के लिए रिपोर्ट और ब्लॉक सिस्टम को और मजबूत किया गया है।
क्या कोई भी Username खोजकर आपको मैसेज कर सकता है?
नहीं। WhatsApp ने साफ किया है कि Username Searchable नहीं होंगे। यानी किसी का Username केवल सर्च करके उसे मैसेज नहीं किया जा सकेगा। किसी यूजर से संपर्क करने के लिए उसका सही Username पता होना जरूरी होगा।
क्या है Username Key?
WhatsApp ने Username Key नाम का एक अतिरिक्त सुरक्षा फीचर भी पेश किया है। यदि कोई यूजर इसे सक्षम करता है, तो केवल Username जानना पर्याप्त नहीं होगा। पहली बार संपर्क करने के लिए Username के साथ वह Key भी जरूरी होगी। यूजर चाहें तो इस Key को बाद में कभी भी बदल सकते हैं।
क्या Instagram और Facebook अकाउंट लिंक करना जरूरी है?
यदि आप Instagram या Facebook वाला ही Username WhatsApp पर इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो शुरुआत में संबंधित अकाउंट को लिंक करना होगा, ताकि आपकी पहचान सत्यापित की जा सके। Username सुरक्षित करने के बाद अकाउंट को अनलिंक भी किया जा सकता है। यदि आप अकाउंट लिंक नहीं करना चाहते, तो कोई दूसरा Username चुन सकते हैं।
क्या बाद में Username बदला जा सकता है?
हाँ। अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की तरह WhatsApp पर भी Username कभी भी बदला जा सकेगा। हालांकि नया Username तभी मिलेगा, जब वह पहले से किसी और के पास न हो।
क्या बढ़ेगा फ्रॉड का खतरा?
सरकार ने इस फीचर को लेकर संभावित साइबर फ्रॉड और फर्जी पहचान की आशंकाएं जताई हैं। वहीं WhatsApp का कहना है कि Username फीचर को कई सुरक्षा उपायों के साथ तैयार किया गया है और इसका उद्देश्य यूजर्स की निजता बढ़ाना है, न कि सुरक्षा से समझौता करना। फिलहाल भारत में इस फीचर के रोलआउट पर सरकार और कंपनी के बीच चर्चा जारी है।




