नई दिल्ली। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख महबूबा मुफ्ती 3 से 6 जुलाई के बीच ईरान की राजधानी तेहरान में आयोजित होने वाले ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होंगी। उन्हें ईरान सरकार की ओर से भारत की विशेष अतिथि के रूप में आधिकारिक निमंत्रण भेजा गया है।
महबूबा मुफ्ती ने निमंत्रण मिलने पर इसे अपने लिए सम्मान की बात बताते हुए कहा कि यह उनके जीवन का एक दुर्लभ अवसर है। उन्होंने कहा, ‘यह मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। जिंदगी में एक बार मिलने वाला ऐसा अवसर है। मैं अयातुल्ला अली खामेनेई को अंतिम श्रद्धांजलि देने तेहरान जाऊंगी।’
कई भारतीय हस्तियों को भी मिला निमंत्रण
ईरान सरकार ने अंतिम संस्कार समारोह के लिए भारत की विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों को भी आमंत्रित किया है। इनमें भाजपा, कांग्रेस और पीडीपी के नेताओं के अलावा जैन संत आचार्य लोकेश मुनि का नाम भी शामिल है। भारत सरकार की ओर से विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन भी अंतिम संस्कार में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
करोड़ों लोगों के शामिल होने का अनुमान
ईरानी अधिकारियों का अनुमान है कि अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम यात्रा में 1.5 करोड़ से 2 करोड़ लोगों के शामिल होने की संभावना है। यदि ऐसा होता है, तो यह ईरान के इतिहास का सबसे बड़ा राजकीय अंतिम संस्कार माना जाएगा। राजकीय अंतिम संस्कार के लिए तेहरान में व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां की गई हैं। दुनिया के कई देशों के प्रतिनिधियों और विदेशी अतिथियों के भी इस समारोह में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।



