पटना: विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश के श्रमिकों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 16,4929 श्रमिकों के खाते में 802 करोड़ रुपये वस्त्र सहायता योजना के तहत ट्रांसफर किए। प्रत्येक श्रमिक के खाते में पांच हजार रुपये भेजे गए। इसके अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रतिज्ञा योजना के वेब पोर्टल का भी शुभारंभ किया। कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ श्रम संसाधन विभाग के मंत्री संतोष कुमार सिंह मौजूद है। मुख्यमंत्री ने एक्स पर यह जानकारी दी है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, मैंने श्रम संसाधन विभाग को निर्देश दिया है कि जो कामगार अब तक निबंधित नहीं हुए हैं। उन्हें भी अभियान चलाकर जल्द से जल्द निबंधित करें तथा उन्हें इस योजना से जोड़कर लाभ दिलाएं। राज्य के विकास की इस यात्रा में श्रमिक भाई-बहनों का अतुलनीय योगदान है। समाज के हर वर्ग के हित के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के वेब पोर्टल का उद्घाटन
मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है जिसका उद्देश्य राज्य के युवाओं को सशक्त बनाने के साथ ही उन्हें रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। इस योजना के अंतर्गत युवाओं को विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्र में संरचित इंटर्नशिप अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव एवं आर्थिक सहयोग के साथ-साथ रोजगार सुनिश्चित करने का अवसर भी प्राप्त होगा। इस योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में पांच हजार इंटर्नशिप अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे तथा आगामी पांच वर्षों में प्रत्येक वर्ष 20 हजार अवसर प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। इस प्रकार योजना के अंतर्गत कुल 1,05,000 अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
आज 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में आयोजित कार्यक्रम में बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत 5000 रुपए प्रति श्रमिक की दर से 16,04,929 निबंधित निर्माण श्रमिकों के खाते में वस्त्र सहायता योजना के तहत 802 करोड़ 46 लाख रुपए की राशि का हस्तांतरण किया तथा… pic.twitter.com/1fgGGdkhdb
— Nitish Kumar (@NitishKumar) September 17, 2025
मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना का संचालन एक समर्पित डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया जा रहा है। यह पोर्टल युवाओं और उद्योगों को एक मंच पर लाकर एक-दूसरे से जोड़ने का कार्य करेगा। इससे बिहार के उद्योग/नियोक्ताओं एवं युवाओं के लिए सहूलियत होगी। पोर्टल के माध्यम से उद्योग/नियोक्ताओं एवं युवाओं द्वारा इंटर्नशिप अवसरों का लाभ उठाने हेतु पंजीकरण किया जा रहा है।
यह डिजिटल प्लेटफॉर्म राज्य के युवाओं की आकांक्षाओं और उद्योगों की आवश्यकताओं को जोड़ने वाला एक परिवर्तनकारी सेतु साबित होगा, जो कौशल विकास एवं समावेशी प्रगति की दिशा में बिहार को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को श्रम संसाधन विभाग के सचिव दीपक आनंद ने हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान श्रम संसाधन विभाग की योजनाओं से संबंधित एक लघु फिल्म प्रस्तुत की गई।



