पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर NDA ने अपने सभी कैंडिडेट्स के नाम की घोषणा कर दी है। जदयू और भाजपा इस बार बराबर 101-101 सीटों पर ताल ठोक रहे हैं। लोजपा-29, हम-6 और रालोसपा-6 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इस बीच सीएम फेस को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा बयान दिया है। शाह के बयान पर NDA में खलबली मच गई है।
क्या बोले शाह
दरअसल एक न्यूज़ चैनल को इंटरव्यू देते हुए अमित शाह ने कहा कि हम अभी नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं। नीतीश पर न सिर्फ भाजपा बल्कि बिहार की जनता को पूरा भरोसा है। मैं किसी को सीएम बनाने वाला कौन होता हूं। इतनी सारी पार्टियों का गठबंधन है। चुनाव के बाद विधायक दल के नेता बैठेंगे और सीएम का चुनाव किया जाएगा। शाह के इस बयान के कोई मायने निकाले जा रहे हैं।
मांझी ने की ये मांग
हम प्रमुख जीतन राम मांझी ने कहा-अमित शाह NDA के प्रमुख नेता हैं। अगर वो कुछ कहते हैं तो इसे अधिकारक माना जाएगा। व्यक्तिगत तौर पर मुझे लगता है कि चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का नाम तय हो जाना चाहिए। जिस तरह से महागठबंधन दुविधा में है, यहां वैसी दुविधा नहीं होनी चाहिए। सौभाग्य से एनडीए में सब सही चल रहा है। इधर सम्राट चौधरी से जब शाह के बयान पर सवाल किया गया तो उन्होंने चुप्पी साध ली।
ये भी पढ़ें-पहले चरण के नामांकन का अंतिम दिन, एनडीए उम्मीदवारों ने दाखिल किए पर्चे
क्या बोले जदयू नेता
शाह के बयान पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि उनके बयान के अलग-अलग हिस्सों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। गृह मंत्री ने बार-बार कहा है कि हम बिहार विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ रहे हैं। एनडीए विधायक दल तय करेगा कि मुख्यमंत्री कौन होगा। यही परंपरा रही है। गृह मंत्री के बयान को उसकी संपूर्णता में देखा जाना चाहिए। विपक्षी दल के पास कोई चुनावी मुद्दा नहीं है, इसलिए वे अपने चुनावी फायदे के लिए इस तरह का दुष्प्रचार कर रहे हैं।”



