पटना: बिहार में मॉनसून 4 दिन बाद गियर बदलेगा। कई दिनों की उमस और रुक-रुक कर पड़ रही फुहारों के बाद अब मॉनसून फिर से सक्रिय हो गया है। आने वाले तीन से चार दिनों तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में झमाझम बारिश देखने को मिलेगी। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि ये बारिश हल्की-फुल्की नहीं, बल्कि कई इलाकों में भारी से मूसलाधार हो सकती है। खासकर दक्षिण बिहार के जिलों में शुक्रवार को बारिश का असर ज्यादा रहेगा। दो अगस्त से उत्तर बिहार में भी मॉनसून का प्रभाव बढ़ेगा और वहां भी दो दिनों तक जोरदार बारिश के आसार हैं। अगस्त का पहला सप्ताह बिहार के लिए खुशनुमा और खेती के लिहाज से फायदेमंद रहने वाला है।
भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 3 से 4 दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में जोरदार बारिश होने की संभावना जताई गई है। साथ ही 9 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने औरंगाबाद, गया, नवादा, बांका, जमुई, वैशाली, समस्तीपुर, खगड़िया और बेगूसराय जिलों में शुक्रवार को एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है।
अगस्त पहले सप्ताह से उत्तर बिहार में मॉनसून का जोर
इसके अलावा, शनिवार से उत्तर बिहार में मॉनसून की सक्रियता और अधिक हो जाएगी। इन जिलों में पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी और दरभंगा बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगस्त के पहले सप्ताह में राज्यभर में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी। इस दौरान मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों को बारिश और बिजली गिरने के दौरान खुले में न जाने, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग सावधानी से करने की सलाह दी है।



