वैशाली: बिहार में 6 और 11 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए NDA ने अपनी रणनीति को और मजबूत कर लिया है। JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने दावा किया कि NDA में चट्टानी एकता है और सीटों बंटवारे को लेकर कोई विवाद नहीं है। प्रशांत किशोर इस चुनाव में कोई फैक्टर नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में NDA की सरकार बनेगी।
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा प्रशांत किशोर केवल मीडिया में दिखते हैं। विधानसभा चुनाव के बाद बंगाल चले जाएंगे। गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर सभी मुद्दे सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझा लिए गए हैं। अब कोई मतभेद नहीं है। इसके विपरीत, उन्होंने इंडिया गठबंधन पर आरोप लगाया कि उनमें न कोई नीति है और न कोई नेता, और उनमें टिकट को लेकर विवाद चल रहा है।
JDU अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की जनता यह अच्छी तरह समझ चुकी है कि कौन उन्हें सुनहरा सपना दिखाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए कहा कि वे बिहार के 14 करोड़ लोगों और हर एक परिवार के प्रति समर्पित हैं। उन्होंने बताया कि उनके नामांकन के दौरान सभी जाति और धर्मों के लोग उन्हें समर्थन देने पहुंचे थे।



