भागलपुर: थोड़ा फिल्मी मूड की यह कहानी बिहार के जिला भागलपुर की है। एक युवक मेडिकल की पढ़ाई कर रहा होता है। कालेज के दिनों में उसको महबूबा मिल जाती है। दोनों का प्यार पेंगे बढ़ाता है। वह देर तक रिलेशनशिप में रहते हैं। फिर एक दिन, कुछ वजहों से इनमें ब्रेकअप हो जाता है। प्रेमी इसे बर्दाश्त नहीं कर पाता। प्यार में पागल वह पहले नशे की गिरफ्त में फंसता है। फिर, जुए की लत भी लग जाती है। मतलब, मोहब्बत में धोखा खाया शख्स खुद को पूरा बर्बाद करने में उतर जाता है।
बदकिस्मती उसको यहां पर भी नहीं छोड़ती। जुएबाजी में वह एक बार तीन लाख रुपया हार गया। लत छूट नहीं रही थी तो इसकी भरपाई उसने घर से पांच लाख रुपये मांगकर की। वह भी इस एवज में कि उसे कारोबार करना है। बात अभी भी नहीं बनी। घर से लाए गए सारे पैसे भी वह जुए में हार गया। इसके बाद जब उसे दूसरा कोई रास्ता नहीं दिखा तो रंगदारी की राह पकड़ी। यह सोचकर इसमें एकमुश्त पैसा मिल जाएगा। इसके बाद सुनियोजित तरीके से उसने गूगल सर्च कर बिहार और पंजाब के सोने के कारोबारियों के नंबर निकाले और स्थानीय दबंगों के नाम पर रंगदारी मांगते हुए कॉल कर डाली।
ऐसी ही धमकी भरी एक कॉल 22 जून को भागलपुर के स्वर्णिका ज्वेलर्स के मालिक के पास भी गई। इसमें एक दबंग का नाम लिया गया था, जिससे ज्वेलर उसकी दबिश में आ जाए। लेकिन सूझबूझ का परिचय देते हुए ज्वेलर्स ने तत्काल इसकी शिकायत कोतवाली थाना में दी। मामला दर्ज कर एक्शन में आई भागलपुर पुलिस को तकनीकी जांच में पता चला कि कॉल मोहाली से आई है। भागलपुर पुलिस वहां पहुंचकर युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी मधेपुरा सिंघेश्वर के रहने वाले यशवंत भगत का पुत्र विराज आनंद है। उसने जो कहानी बताई, वही ऊपर दर्ज है कि कैसे मेडिकल की पढ़ाई करने वाला एक छात्र रंगदारी के धंधे तक जा पहुंचा। अब युवक युवक पुलिस के गिरफ्त में सलाखों के पीछे है।
भागलपुर सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि ज्वेलर की शिकायत पर मामला दर्ज कर एसआईटी गठित की गई। इसकी तकनीकी जांच से आरोपी को पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार का लिया गया। इसका पहले का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। एसपी ने माना कि प्रेमिका से ब्रेकअप के बाद आरोपी नशे का आदी हो गया था। वह ऑनलाइन जुआ खेलने लगा था। जुए में सबकुछ गवांने के बाद इंटरनेट से सोने के कारोबारियों के नंबर निकाल उनसे रंगदारी की मांग की। गिरफ्तार युवक के मोबाइल की जब जांच की गई तो उसमें ऑनलाइन गेम में पैसा हारने और कई बार पैसा जीतने की डिटेल्स भी है।



