नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी ने भलस्वा कूड़े के पहाड़ों को काट कर आवासीय प्लाटों में डाल रही भाजपा की एमसीडी सरकार के खिलाफ कमला मार्केट थाने में लिखित शिकायत दी है। एमसीडी में सह प्रभारी प्रवीण कुमार व प्रीति डोगरा, पार्षद राकेश कुमार समेत तमाम आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने शिकायत देकर पुलिस से एमसीडी द्वारा की जा रही गैर कानून गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।
बीजेपी का झूठा दावा
उधर, एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा सरकार का कूड़े के पहाड़ को खत्म करने का दावा झूठा है। सच ये है कि कूड़े के पहाड़ को काटकर आवासीय प्लाटों में डाला जा रहा है। इससे प्रदूषण बढ़ रहा है और इलाके लोगों को खतरनाक बीमारियां हो रही हैं। पुलिस से मांग है कि आवासीय प्लाटों में कूड़ा डालने पर तत्काल रोक लगाई जाए।
पानी निकासी का रास्ता नहीं
अंकुश नारंग ने कहा कि के-ब्लॉक रामा विहार, मुंडका में विजिट करने पर पाया गया कि वहां सात-आठ फुट पानी एकत्रित था। साथ ही, भलस्वा कूड़े के पहाड़ को काट-काटकर रामा विहार में डाला जा रहा था, जिससे पानी रुक गया और निकासी का कोई रास्ता नहीं बचा। इसी कारण छह साल की बच्ची प्रियांशी की मौत हुई थी। अब इस कूड़े को रामा विहार और मुंडका के आसपास डाल-डालकर जमीन पर स्थायी रूप से बिछाया जा रहा है। आगे यदि मकान बनेंगे तो कैसे बनेंगे? जमीन का इस्तेमाल कैसे होगा? इसमें से बहुत खतरनाक गैसें निकलती हैं, जिससे वहां रहना पूरी तरह असुरक्षित हो जाएगा।
ट्रक से भरकर लाते हैं कूड़े
अंकुश नारंग ने बताया कि विजिट के दौरान उन्होंने देखा कि भलस्वा से कूड़े का पहाड़ काट-काटकर लाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रोजाना ट्रक आते हैं और कूड़ा फेंकते हैं। इसी के खिलाफ आज पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई ताकि आगे कूड़ा जमीन पर न बिछाया जाए और इस तरह का कार्य न हो। भाजपा एक तरफ दिखावा कर रही है कि हम कूड़े के पहाड़ खत्म कर रहे हैं, लेकिन दूसरी तरफ जगह-जगह नए कूड़े के पहाड़ बना रही है। भाजपा ने हर जगह कूड़े के पहाड़ खड़े करके पूरी दिल्ली को कूड़ा-कूड़ा कर दिया है।
ये भी पढ़ें-लालटेन से नहीं, एलईडी से चमकेगा बिहार: योगी
गैरकानूनी काम कर रहे
वहीं, कमला मार्केट थाने में शिकायत देने के बाद प्रवीण कुमार ने शनिवार को कहा कि भाजपा द्वारा भलस्वा कूड़े के पहाड़ को खत्म करने या कम करने का दावा पूरी तरह झूठा है। भाजपा नेता बयान दे रहे हैं और एमसीडी इस कार्य को कर भी रही है। भलस्वा कूड़े के पहाड़ को काट-काटकर आसपास के रिहायशी प्लॉटों में भरा जा रहा है, जहां आबादी रहती है। यह पूरी तरह गैरकानूनी और एमसीडी के उपनियमों के खिलाफ है। इससे उस इलाके में खतरनाक बीमारियां फैल रही हैं, जल और मिट्टी प्रदूषण हो रहा है, जो बेहद गलत और लोगों के लिए खतरनाक है।



