पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद राज्य में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आई है, बिहार का विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला अब अपने तय समय से कुछ दिन बाद शुरू होगा। पहले यह मेला 6 नवंबर से लगने वाला था, लेकिन अब इसकी नई तिथि 9 नवंबर तय की गई है।
चुनाव की वजह से आगे बढ़ी तिथि
राज्य में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं। पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को। सारण जिले में 6 नवंबर को ही मतदान निर्धारित है, इसी वजह से प्रशासन ने सोनपुर मेले की शुरुआत की तिथि आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
9 नवंबर से सजेगा मेला, 10 दिसंबर तक चलेगा
नई तारीख के अनुसार सोनपुर मेला अब 9 नवंबर से शुरू होकर 10 दिसंबर तक चलेगा। पहले इसका उद्घाटन 3 नवंबर को होना था, लेकिन चुनावी व्यस्तता और सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम को टाल दिया गया है।
प्रशासन और समिति का बयान
दम-अमन समिति और जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि ‘मेला और चुनाव दोनों ही बड़े आयोजन हैं। प्रशासन का पूरा ध्यान मतदान को सफल बनाने पर केंद्रित है, इसलिए मेले की तिथि बढ़ाना एक उचित निर्णय है।’ प्रशासन का मानना है कि मतदान के दौरान पुलिस बल और सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी चुनावी कार्य में रहने के कारण मेले की व्यवस्था पर असर पड़ सकता था।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान में को बदलाव नहीं
श्रद्धालुओं के लिए राहत की बात यह है कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान पूर्ववत 5 नवंबर को ही होगा। हर साल की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालु हरिहर क्षेत्र पहुंचकर पवित्र गंगा-गंडक संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे। यह भी पढ़ेंः
यह भी पढ़ेंः चिराग की इन शर्तों के कारण NDA में सीट बंटवारे में देरी
विश्व प्रसिद्ध है हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला
सोनपुर मेला दुनिया का सबसे बड़ा पशु मेला माना जाता है। यहां देश-विदेश से हजारों पर्यटक आते हैं। मेले में झूले, लोक संस्कृति, पशु व्यापार और धार्मिक आयोजन लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं।



